लखनऊ :
खेत बचाओ अभियान से किसानों को मिला मृदा संरक्षण और वैज्ञानिक खेती का संदेश।
दो टूक : लखनऊ के मलिहाबाद विकासखंड के ग्राम अटौरा में आईसीएआर-एनबीएफजीआर और आईएसआरआई कृषि विज्ञान केंद्र, लखनऊ द्वारा ‘खेत बचाओ अभियान’ का आयोजन किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में क्षेत्र के 77 किसानों (40 महिलाएं व 37 पुरुष) ने भाग लिया।
विस्तार :
लखनऊ के मलिहाबाद में खेत बचाओ अभियान कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मिट्टी के स्वास्थ्य, उर्वरता और उसकी टिकाऊ उत्पादकता को बनाए रखना था। विशेषज्ञों ने संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, फसल चक्र, जैविक एवं प्राकृतिक खेती पर विशेष जोर दिया।
एनबीएफजीआर के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. रविन्द्र कुमार ने किसानों को मत्स्य पालन युक्त समन्वित कृषि अपनाने के लिए प्रेरित किया। डॉ. अनुतोष परिया और डॉ. मोनिका गुप्ता ने वैज्ञानिक व रंगीन मछली पालन के लाभ बताए। वहीं, डॉ. अखिलेश कुमार दुबे ने आम की खेती पर मार्गदर्शन किया और ए.डी.ओ. कृषि सिकन्दर यादव ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम का समापन किसानों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और वैज्ञानिक सलाह को व्यवहार में उतारने के संदेश के साथ हुआ।
