लखनऊ :
मुंडन समारोह में गया था परिवार,घर लौटने पर बंद कमरे में फंदे से लटकती मिली युवती,मचा कोहराम।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र के पिपरौली गांव में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता शव मिलने परिवार में कोहराम मच गया। युवती का शव घर के कमरे में सीलिंग फैन से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विस्तार :
पीजीआई इस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह के अनुसार बीते सोमवार 12 अक्टूबर 2026 को ललित कुमार रावत पुत्र छोटेलाल रावत निवासी ग्राम पिपरौली, थाना पीजीआई, लखनऊ ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी बहन प्रीति (24) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
सूचनाकर्ता ने पुलिस को बताया कि परिवार के सभी सदस्य मुंडन समारोह में शामिल होने के लिए उन्नाव जनपद के रम्मा खेड़ा गांव गए थे जबकि प्रीति ने साथ जाने से इनकार कर दिया था। परिवार के लोग जब वापस लौटे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से देखने पर प्रीति का शव सीलिंग फैन से दुपट्टे के सहारे लटका दिखाई दिया।
परिजनों के मुताबिक प्रीति मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और उसका इलाज भी चल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आत्महत्या के कारणों की छानबीन शुरु कर दी।
