मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026

गोण्डा- इटियाथोक क्षेत्र के मध्यनगर में हुई चोरी, पुलिस जांच शुरू, पूर्व की घटनाओ का अबतक नहीं हुआ खुलासा

शेयर करें:
गोण्डा- जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। पुलिस एक भी घटना का खुलासा नहीं कर पाई है। ऐसे में चोरों के हौसले बुलंद है और वह बेखौफ होकर एक के बाद एक चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला क्षेत्र के मध्यनगर गांव का है। यहां बीती रात अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया।मध्यनगर निवासी चितरंजन सिंह उर्फ लालसाहब ने बताया कि देर रात चोर छत के रास्ते उनके घर में घुस आए। कमरे में रखे सूटकेस और बक्से की कुंडी तोड़कर उसमें रखी दो सोने की अंगूठी, एक सोने की चेन, एक चांदी की पायल और 18 हजार रुपये नकद चोरी कर ले जाने में सफल रहे। सुबह आंख खुलने पर देखा तो दोनों कमरों के दरवाजे खुले थे और सामान इधर उधर बिखरा पड़ा था, साथ ही सूटकेस की कुंडी टूटी थी। ग्रामीणों द्वारा बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले पड़ोसी रिटायर्ड सुबेदार युधिष्ठिर सिंह के घर में छत के रास्ते प्रवेश किया। कमरे से सूटकेस उठाकर छत पर ले गए और तोड़ दिया, लेकिन उसमें कुछ न मिलने पर उसे छोड़कर चितरंजन सिंह के घर में वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने मंगलवार सुबह घटना की सूचना डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष गौरव सिंह तोमर ने बताया कि घटना की जांच पड़ताल हो रही है।
             गौरतलब है कि बीते सितंबर में क्षेत्र के बिनोहनी गांव में अरविंद कुमार वर्मा, दिनेश कुमार वर्मा और रामभवन के घरों में चोरी हुई थी। दस सितंबर को इटियाथोक डाकघर से दिनदहाड़े अभिकर्ता संत प्यारे तिवारी निवासी अयाह के बैग से 50 हजार 100 रुपये चोरी हो गए थे। जन्माष्टमी की रात कस्बे से एक ई-रिक्शा भी चोरी हुआ था, जिसकी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई थी। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने कुछ मामलों में केस दर्ज किया है, लेकिन अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है।