गौतमबुद्धनगर: बिसरख में पुलिस मुठभेड़: गोली लगने से एक बदमाश घायल, दो गिरफ्तार; चोरी के आभूषण, नकदी और अवैध हथियार बरामद!!
रोजा याकूबपुर सर्विस रोड पर पुलिस को देखकर भागने लगे थे आरोपी, जवाबी कार्रवाई में एक के पैर में लगी गोली; बंद मकानों में चोरी की दो घटनाओं का खुलासा
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना बिसरख क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण, 11,450 रुपये नकद, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, चोरी करने में प्रयुक्त उपकरण, तीन मोबाइल फोन और अवैध तमंचा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी थाना बिसरख क्षेत्र में बंद फ्लैट और मकान में चोरी की दो घटनाओं में शामिल थे।
पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर 2026 की रात स्थानीय अभिसूचना के आधार पर थाना बिसरख पुलिस की टीम रोजा गोलचक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान छपरौला रेलवे पुल की ओर से एक संदिग्ध मोटरसाइकिल तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन वे रुकने के बजाय मोटरसाइकिल को तेजी से मोड़कर भागने लगे।
पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। आरोपी रोजा याकूबपुर स्थित छह प्रतिशत पार्क की सर्विस रोड पर मोटरसाइकिल छोड़कर पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान जितेंद्र उर्फ जीतू (38) निवासी मैनपुरी, वर्तमान पता ग्राम भूड़ा, थाना सेक्टर-39, नोएडा के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।
वहीं, दूसरे आरोपी पिंटू (33) निवासी मैनपुरी, वर्तमान पता जय विहार एक्सटेंशन, पश्चिमी दिल्ली को पुलिस ने कांबिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
बंद फ्लैट और मकान में चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने 27 अगस्त 2026 को सीएचसी बिसरख परिसर में स्थित एक बंद फ्लैट का ताला तोड़कर आभूषण चोरी करने की घटना में शामिल होने की बात बताई। इस मामले में थाना बिसरख में मुकदमा अपराध संख्या 641/2026 दर्ज है।
इसके अलावा, 13 अक्टूबर 2026 को रोजा जलालपुर गांव की एक कॉलोनी में बंद मकान का ताला तोड़कर आभूषण और नकदी चोरी करने की घटना में भी उनकी संलिप्तता सामने आई है। इस संबंध में थाना बिसरख में मुकदमा अपराध संख्या 781/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस दोनों मामलों में बरामद सामान और आरोपियों की भूमिका के संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है।
आभूषण, नकदी और चोरी के उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु का एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी झुमकी, एक हार और एक अंगूठी बरामद की है। इसके अलावा सफेद धातु की दो पायल, एक कमरबंद, चार कड़े और एक लेडीज घड़ी भी मिली है। आरोपियों के पास से 11,450 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों में एक प्लास, एक पाना रिंच, एक हथौड़ा और दो छैनी भी बरामद हुई हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद मोटरसाइकिल का इस्तेमाल वारदात के दौरान किया गया था।
घायल आरोपी पर कई मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ दिल्ली, हाथरस, कासगंज, एटा, बुलंदशहर और गौतमबुद्धनगर सहित विभिन्न स्थानों पर चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ थाना बिसरख में दर्ज चोरी के दोनों मामलों के अतिरिक्त मुठभेड़ के दौरान अवैध हथियार के इस्तेमाल से संबंधित मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
दूसरे आरोपी पिंटू के खिलाफ भी थाना बिसरख में चोरी के मामले और पुलिस मुठभेड़ से संबंधित मुकदमा दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद आभूषणों और अन्य सामान के संबंध में भी आवश्यक जांच की जा रही है।
