शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: एमएलसी चुनाव: पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने संभाली कमान, मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: एमएलसी चुनाव: पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने संभाली कमान, मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

13 मतदान केंद्रों के 42 मतदेय स्थलों पर मतदान प्रक्रिया का लिया जायजा, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव कराने के दिए निर्देश

दो टूक//नोएडा, 23 अक्टूबर 2026। विधान परिषद मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आए। शुक्रवार को पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान कार्मिकों से जानकारी प्राप्त की और कार्यकर्ताओं तथा मतदाताओं से संवाद कर व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) रुड़की, ग्रेटर नोएडा, पंचशील बालक इंटर कॉलेज, सेक्टर-91, नोएडा तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेक्टर-39, नोएडा सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण किया। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया के संचालन, कार्मिकों की तैनाती और मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही, मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं एवं मतदाताओं से बातचीत कर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निर्वाचन आयोग के मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश

पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन के दौरान निष्पक्षता, पारदर्शिता और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने, व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने तथा मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर विशेष जोर दिया गया।

अधिकारियों ने निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं, ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। साथ ही, निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता एवं गंभीरता से करें।

13 मतदान केंद्रों पर बनाए गए हैं 42 मतदेय स्थल

गौतमबुद्धनगर जनपद में विधान परिषद मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए कुल 13 मतदान केंद्रों पर 42 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 25 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 17 मतदेय स्थल शामिल हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ और शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया।

दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे चुनाव शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

सुरक्षा और पारदर्शिता पर प्रशासन का विशेष जोर

पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान समाप्त होने तक सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता को सुरक्षित, सुगम और निर्भीक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वह बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

निरीक्षण के दौरान एडिशनल पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा, उप जिलाधिकारी दादरी अभिनेंद्र सिंह सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।।