मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: जाली नोट छापकर बाजार में खपाने की तैयारी, तीन गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जाली नोट छापकर बाजार में खपाने की तैयारी, तीन गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

2.54 लाख रुपये के नकली नोट बरामद, प्रिंटर-कटिंग मशीन और स्कॉर्पियो भी मिली

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने जाली नोटों की छपाई और तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना इकोटेक प्रथम पुलिस और स्वाट टीम ग्रेटर नोएडा जोन की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 100-100 रुपये के 2,549 जाली नोट बरामद हुए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2 लाख 54 हजार 900 रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से नोट छापने वाला प्रिंटर, नोटों की कटिंग करने वाली मशीन, एक स्कॉर्पियो और चार मोबाइल फोन समेत अन्य दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, संयुक्त टीम ने 5 अक्टूबर 2026 को कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को सिरसा गोल चक्कर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंटी अत्री पुत्र रामपाल सिंह निवासी पालर, थाना टप्पल, जिला अलीगढ़, उम्र 23 वर्ष, खुशदिल पुत्र तेजवीर निवासी ग्राम कसेरू, थाना चंडौस, जिला अलीगढ़, उम्र 21 वर्ष और उपेंद्र कुमार पुत्र योगेंद्र सिंह निवासी ग्राम जला कसेरु, थाना चंडौस, जिला अलीगढ़, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है।

असली नोट स्कैन कर उसी सीरियल नंबर के जाली नोट छापते थे

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने जाली नोट तैयार करने के तरीके के बारे में जानकारी दी। आरोपियों द्वारा पहले असली नोट को स्कैन किया जाता था और फिर प्रिंटर की मदद से उसी सीरियल नंबर के जाली नोटों की छपाई की जाती थी। इसके बाद मशीन की सहायता से नोटों की कटिंग कर उन्हें असली नोटों के आकार में तैयार किया जाता था।

पुलिस का कहना है कि आरोपी जाली नोटों की गड्डियां तैयार करते थे। गड्डी के ऊपर और नीचे असली नोट लगाए जाते थे, ताकि पूरी गड्डी देखने में असली लगे। इसके अलावा गड्डियों के सिरों पर केनरा बैंक के डिपॉजिट फॉर्म रबर बैंड से लगाकर उन्हें असली नोटों के रूप में इस्तेमाल करने का प्रयास किया जाता था।

स्कॉर्पियो और चार मोबाइल फोन भी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2,549 जाली नोट, एक प्रिंटर, नोटों की कटिंग करने वाली मशीन, स्कॉर्पियो कार संख्या HR 30 AF 9184 और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मोबाइल फोन के साथ आईडी कार्ड और अन्य कागजात भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज

पुलिस ने इस मामले में थाना इकोटेक प्रथम में मु0अ0सं0 106/2026, धारा 178/179/180 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और जाली नोटों की सप्लाई के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

बरामदगी:

  • 100 रुपये के 2,549 जाली नोट, कुल कीमत करीब 2,54,900 रुपये
  • जाली नोट छापने वाला प्रिंटर
  • नोटों की कटिंग करने वाली मशीन
  • एक स्कॉर्पियो कार
  • चार मोबाइल फोन, आईडी कार्ड व अन्य कागजात !!