गौतमबुद्धनगर: बाबा टिकैत की 91वीं जयंती पर नलगढ़ा में किसान महाकुंभ, हजारों किसानों की मौजूदगी में हवन, पौधारोपण और रक्तदान!!
दो टूक//नोएडा। भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक और किसानों के मसीहा बाबा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 91वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को नलगढ़ा, नोएडा स्थित नवनिर्मित कार्यालय परिसर में किसान महाकुंभ एवं सेवा महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, मातृशक्ति और संगठन से जुड़े पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान बाबा टिकैत के किसान हित, एकता और सामाजिक सेवा के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की पुत्रवधू निकिता टिकैत, उनके पुत्र चौधरी चरण सिंह टिकैत तथा बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के पौत्र अंशराज टिकैत विशेष रूप से मौजूद रहे। निकिता टिकैत, चौधरी चरण सिंह टिकैत और अंशराज टिकैत ने नवनिर्मित कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की जमीन को नमन करते हुए बाबा टिकैत के संघर्ष और किसान हित में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन के साथ हुआ। हवन में किसानों की खुशहाली, समृद्धि और देश की उन्नति के लिए प्रार्थना की गई। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की 91वीं जयंती के उपलक्ष्य में 91 पौधों का पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब के सहयोग से रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान जैसे सेवा कार्य समाज के प्रति जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही देशभक्ति रागिनी और बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के जीवन, संघर्ष तथा किसान आंदोलनों से जुड़े प्रसंगों को रागिनी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। रागिनी कलाकारों ने बाबा टिकैत के विचारों और किसान एकता के संदेश को लोगों तक पहुंचाया।
इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना ने कहा, “बाबा टिकैत ने हमें सिखाया था कि किसान एकता ही सबसे बड़ी ताकत है। आज का यह सेवा महोत्सव उन्हीं के आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाने का प्रयास है।”
कार्यक्रम में विमला खटाना, ममता डेढ़ा, रेखा भाटी, सत्तो देवी भाटी, सरदार मंजीत सिंह, राजे प्रधान, राजीव मलिक, सुरेंद्र नागर, अनित कसाना, ललित चौहान, भगत सिंह प्रधान, हरेंद्र भाटी, रॉबिन नागर, सुनील प्रधान, बेली भाटी, अमित जैलदार, अरविंद, नागेश, अमित, संदीप खटाना, विनोद पंडित, बेगराज प्रधान और सुंदर भूड़ा सहित बड़ी संख्या में किसान नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना प्राधिकरण से जुड़े अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी तथा प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। हजारों की संख्या में किसान साथियों और मातृशक्ति की मौजूदगी ने कार्यक्रम को भव्य रूप दिया। इस दौरान वक्ताओं ने बाबा टिकैत के बताए रास्ते पर चलते हुए किसान हित, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और संगठन की एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।
