शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर में त्योहारों पर अग्नि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस-फायर विभाग अलर्ट, अधिकारियों ने दिए जरूरी दिशा-निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर में त्योहारों पर अग्नि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस-फायर विभाग अलर्ट, अधिकारियों ने दिए जरूरी दिशा-निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दुर्गा पूजा, दशहरा, विसर्जन, छठ पूजा और दीपावली के मद्देनजर सोसाइटियों व अस्थायी पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था पर जोर

दो टूक//नोएडा, 16 अक्टूबर 2026। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट और अग्निशमन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में फायर स्टेशन फेस-3, नोएडा में अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें त्योहारों के दौरान अग्नि सुरक्षा, लोगों की जीवन रक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

गोष्ठी में मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौतमबुद्धनगर, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी फायर स्टेशन फेस-3 तथा जनपद पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में दुर्गा पूजा, दशहरा, प्रतिमा विसर्जन, छठ पूजा और दीपावली के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

सोसाइटियों और अस्थायी पंडालों की सुरक्षा पर विशेष जोर

अधिकारियों ने जनपद की विभिन्न सोसाइटियों और अस्थायी पंडालों में आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही आग लगने जैसी आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षित निकासी, जीवन रक्षा के उपायों और आवश्यक सुरक्षा इंतजामों को दुरुस्त रखने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आयोजक पहले से ही जरूरी तैयारियां पूरी रखें। सुरक्षा मानकों की अनदेखी न हो और कार्यक्रम स्थलों पर ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे आपात स्थिति में समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के दिए निर्देश

पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सावधानियों का पालन कराने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों का उद्देश्य है कि धार्मिक आयोजनों और त्योहारों में शामिल होने वाले लोगों को सुरक्षित वातावरण मिले और किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव के लिए समय रहते जरूरी कदम उठाए जा सकें।

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देशन में आयोजित इस गोष्ठी के माध्यम से संबंधित अधिकारियों और आयोजनों की सुरक्षा से जुड़े लोगों को अग्नि सुरक्षा, जीवन रक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया। त्योहारों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।।