गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस का फोकस, एडीसीपी अभय कुमार मिश्रा ने बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर की फुट पेट्रोलिंग!!
संदिग्ध वाहनों की चेकिंग, यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्रा ने पुलिस बल के साथ थाना एक्सप्रेस-वे क्षेत्रांतर्गत बाजारों एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फुट पेट्रोलिंग के दौरान एडीसीपी ने पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों और बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रियता और सतर्कता जरूरी है, ताकि आम नागरिक बिना किसी परेशानी के आवागमन कर सकें।
संदिग्ध वाहनों की चेकिंग और यातायात नियमों के पालन पर जोर
एडीसीपी अभय कुमार मिश्रा ने निर्देश दिए कि संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों को बैरिकेडिंग लगाकर रोककर नियमानुसार चेक किया जाए। साथ ही, क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच सके। पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखने और कानून-व्यवस्था से संबंधित किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया।
पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अपराधों की रोकथाम करना और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है। इसके लिए बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी तथा नियमित गश्त पर विशेष जोर दिया जा रहा है।।
