शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: मिशन शक्ति 6.0: महिलाओं और छात्र-छात्राओं को सुरक्षा, अधिकारों और साइबर अपराध से बचाव के प्रति किया जागरूक!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मिशन शक्ति 6.0: महिलाओं और छात्र-छात्राओं को सुरक्षा, अधिकारों और साइबर अपराध से बचाव के प्रति किया जागरूक!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

महिला सुरक्षा की डीसीपी सुनिति ने आर.एल. इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित गोष्ठी में दी महत्वपूर्ण जानकारी, हेल्पलाइन नंबरों और शिकायत निस्तारण प्रक्रिया से भी कराया अवगत

दो टूक//नोएडा, 16 अक्टूबर 2026। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आर.एल. इंटरनेशनल स्कूल में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं और दंपतियों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, पुलिस की कार्यप्रणाली तथा विभिन्न सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा श्रीमती सुनिति ने मिशन शक्ति टीम, एनजीओ टीम और महिला कल्याण विभाग की मौजूदगी में प्रतिभागियों से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, किसी भी प्रकार की समस्या होने पर सामने आकर शिकायत करने और जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस की कार्यप्रणाली और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई

गोष्ठी के दौरान छात्र-छात्राओं को थाना स्तर पर पुलिस की कार्यप्रणाली, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, महिला सहायता सेवाओं, आपातकालीन पुलिस रिस्पॉन्स तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के संबंध में जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पुलिस के प्रति विश्वास और मित्रतापूर्ण व्यवहार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न विषयों को सरल भाषा में समझाया।

इस दौरान छात्र-छात्राओं ने पुलिस व्यवस्था, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और कानून से जुड़े कई सवाल पूछे। अधिकारियों ने सभी सवालों के जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।

शिकायतों के निस्तारण पर दंपतियों से लिया फीडबैक

कार्यक्रम में मौजूद दंपतियों से उनके द्वारा पूर्व में दिए गए प्रार्थना-पत्रों और शिकायतों के संबंध में भी फीडबैक लिया गया। पुलिस के अनुसार, अधिकांश प्रतिभागियों ने शिकायतों के समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने पुलिस के सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार की सराहना करते हुए कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

महिला सुरक्षा से लेकर साइबर ठगी तक, इन हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं, बालिकाओं और आम नागरिकों को जरूरत के समय उपयोगी सहायता सेवाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इस दौरान जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए।

प्रमुख हेल्पलाइन नंबर इस प्रकार हैं:

  • 1090: महिला हेल्पलाइन
  • 1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
  • 1930: साइबर वित्तीय धोखाधड़ी हेल्पलाइन
  • 112: आपातकालीन पुलिस सहायता
  • 1098: चाइल्ड हेल्पलाइन
  • 181: वन स्टॉप सेंटर हेल्पलाइन

साइबर अपराध से संबंधित शिकायत दर्ज कराने के लिए www.cyberpolice.uppolice.gov.in पोर्टल की जानकारी भी दी गई।

महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना अभियान का उद्देश्य

मिशन शक्ति अभियान 6.0 का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, उन्हें अपने अधिकारों और उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना तथा जरूरत के समय सहायता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा विभिन्न विभागों, सामाजिक संगठनों और आमजन के सहयोग से महिला सुरक्षा एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस का प्रयास है कि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें जागरूक, आत्मनिर्भर और अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाया जा सके।।