शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: त्योहारों से पहले सेंट्रल नोएडा पुलिस अलर्ट, अपराधियों पर शिकंजा कसने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: त्योहारों से पहले सेंट्रल नोएडा पुलिस अलर्ट, अपराधियों पर शिकंजा कसने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

डीसीपी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने एडीसीपी, एसीपी और चौकी प्रभारियों के साथ की समीक्षा बैठक, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी से लेकर महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था तक पर दिए सख्त निर्देश

दो टूक//नोएडा। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने और क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सेंट्रल नोएडा पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह, जोन के समस्त एसीपी और चौकी प्रभारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से समीक्षा की गई। डीसीपी ने अधिकारियों और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने तथा प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपराधियों पर रहेगी पैनी नजर, वांछितों की गिरफ्तारी पर जोर

बैठक में हिस्ट्रीशीटरों और सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अपराध करने वाले और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। वांछित एवं फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के साथ चोरी, लूट, चेन स्नैचिंग और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

पैदल गश्त और चेकिंग बढ़ाने के निर्देश

आगामी त्योहारों के मद्देनजर बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए। पुलिसकर्मियों को नियमित पैदल गश्त करने, वाहनों की प्रभावी चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने के लिए कहा गया। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने और आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने पर भी जोर दिया गया, ताकि आमजन सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।

बीट पुलिसिंग मजबूत करने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर

डीसीपी ने बीट पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने और स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र मजबूत करने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में सक्रिय रहकर महत्वपूर्ण सूचनाएं जुटाने और प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए कहा गया। इसके साथ ही लंबित विवेचनाओं की नियमित समीक्षा कर उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा आमजन से प्राप्त शिकायतों का निष्पक्षता के साथ प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए गए।

मिशन शक्ति 6.0 के तहत महिला सुरक्षा को मिलेगी प्राथमिकता

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर भी बैठक में विशेष जोर दिया गया। मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही महिला हेल्पलाइन, साइबर हेल्पलाइन और अन्य आपातकालीन सेवाओं के बारे में लोगों को जागरूक करने तथा जरूरतमंदों तक इन सुविधाओं की जानकारी पहुंचाने पर बल दिया गया।

रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और धार्मिक स्थलों पर विशेष चेकिंग

त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित एंटी-सबोटाज चेकिंग कराने के निर्देश दिए गए। इसके लिए डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते का सहयोग लेने, संदिग्ध वस्तुओं तथा लावारिस सामान की जांच करने और किसी भी संभावित खतरे को गंभीरता से लेते हुए समय रहते आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

न्यायालय परिसर की सुरक्षा और सीसीटीवी निगरानी पर जोर

न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर नजर रखने और पुलिस बल की सतर्क ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही प्रभावी गश्त और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नियमित निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया गया, ताकि न्यायालय परिसर की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

त्योहारों के दौरान बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखना भी पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। डीसीपी ने अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि लोगों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

लापरवाही न बरतें, जिम्मेदारी के साथ करें ड्यूटी

गोष्ठी के अंत में डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने सभी चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सतर्क और सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, त्योहारों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

पुलिस की इस समीक्षा बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारों से पहले सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना और आमजन को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराना है।।