गौतमबुद्धनगर: बरौला में मौत को दावत दे रहा जर्जर बिजली का पोल, महीनों से शिकायत के बावजूद नहीं जागा विभाग!!
भाकियू लोकशक्ति के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने मौके पर पहुंचकर जताई नाराजगी, बोले—हादसे से पहले जागे बिजली विभाग
दो टूक//नोएडा। सेक्टर-49 क्षेत्र के बरौला स्थित भोपाल सिंह तंवर कॉलोनी में एक जर्जर और क्षतिग्रस्त बिजली का पोल स्थानीय लोगों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। पीली बिल्डिंग में बाबा भोपाल तंवर के मकान के पास मुख्य रास्ते पर लगा यह बिजली का पोल नीचे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। पोल के निचले हिस्से का सीमेंट पूरी तरह निकल चुका है और वह एक तरफ बुरी तरह झुका हुआ है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि तेज हवा या बारिश के दौरान यह पोल कभी भी गिर सकता है और बड़ा हादसा हो सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान के नेतृत्व में संगठन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कॉलोनी के लोगों ने बताया कि यह बिजली का पोल पिछले कई महीनों से इसी जर्जर हालत में खड़ा है। स्थानीय निवासियों ने बिजली विभाग के जेई, एसडीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें भी दी हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
चौधरी बीसी प्रधान ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े इतने गंभीर मामले में शिकायतों के बावजूद अधिकारियों का मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा न लेना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और लापरवाही का परिचायक है। उन्होंने कहा कि किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को पहले ही इस खतरे को दूर करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि जर्जर बिजली का पोल कॉलोनी के मुख्य रास्ते पर लगा हुआ है। इसी रास्ते से प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे स्कूल जाते हैं। इसके अलावा महिलाएं, बुजुर्ग और स्थानीय नागरिक भी लगातार इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। ऐसे में यदि तेज हवा या बारिश के दौरान पोल गिरता है तो किसी व्यक्ति, बच्चे या वाहन के उसकी चपेट में आने से गंभीर जनहानि हो सकती है।
चौधरी बीसी प्रधान ने बिजली विभाग से मांग की कि इस जर्जर पोल को तत्काल हटाकर नया पोल लगाया जाए। इसके साथ ही बरौला और आसपास की सभी कॉलोनियों में लगे पुराने, क्षतिग्रस्त और झुके हुए बिजली के पोलों का तत्काल सर्वे कराया जाए और खतरा बने पोलों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाए।
उन्होंने कहा कि आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। यदि संबंधित अधिकारियों को बार-बार शिकायतें मिलने के बाद भी कार्रवाई नहीं की जाती है तो यह प्रशासनिक लापरवाही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जर्जर पोल को नहीं बदला गया तो भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति बिजली विभाग के कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगी।
चौधरी बीसी प्रधान ने स्पष्ट कहा कि संगठन जनता की सुरक्षा और जनसमस्याओं को लेकर किसी भी स्तर पर आवाज उठाने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रयास है कि किसी संभावित हादसे से पहले ही संबंधित विभाग को जगाया जाए और समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए। यदि इसके बावजूद कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
इस मौके पर उमेश तंवर, महानगर अध्यक्ष हरेन्द्र सिंह, युवा अध्यक्ष राजकुमार मोनू, सुनील बैसोया, महेश बैसोया, रामवीर तंवर सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।।
