गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: एमएलसी चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी, डीएम ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी और निर्वाचन सामग्री वितरण का लिया जायजा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: एमएलसी चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी, डीएम ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी और निर्वाचन सामग्री वितरण का लिया जायजा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर में 13 मतदान केंद्रों पर बनाए गए 42 मतदेय स्थल, 23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा मतदान

मतदान के बाद मतपेटियों को सुरक्षित पहुंचाने और निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दिए निर्देश

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 22 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में पोलिंग पार्टियों को निर्वाचन सामग्री वितरित करने और उन्हें निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना करने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने और निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्वाचन सामग्री वितरण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पोलिंग पार्टी को निर्धारित सूची के अनुसार सभी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाए। सामग्री का भली-भांति मिलान करने के साथ आवश्यक अभिलेखों और अन्य व्यवस्थाओं की भी जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी मतदान कार्मिक समय से अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर पहुंचें और मतदान शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर लें, ताकि मतदान प्रक्रिया निर्धारित समय पर सुचारु रूप से शुरू हो सके।

13 मतदान केंद्रों पर बनाए गए 42 मतदेय स्थल

जनपद गौतमबुद्धनगर में मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए कुल 13 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 25 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 17 मतदेय स्थल शामिल हैं। इस प्रकार जनपद में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 42 मतदेय स्थलों पर मतदान कराया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। जिला प्रशासन की ओर से मतदान को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। सभी संबंधित अधिकारियों एवं निर्वाचन कार्मिकों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मतपेटियों की सुरक्षा पर विशेष जोर

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा मतदान के दौरान निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन कराने को कहा।

उन्होंने मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित तरीके से वापस लाने और तय स्थान पर जमा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। साथ ही निर्वाचन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा, ताकि मतदान से लेकर मतपेटियों को सुरक्षित जमा कराने तक की पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें।

ये अधिकारी रहे मौजूद

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।