गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: एमएलसी चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट, एडीसीपी अभय कुमार मिश्रा ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: एमएलसी चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट, एडीसीपी अभय कुमार मिश्रा ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और चुनावी तैयारियों का लिया जायजा, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान कराने के दिए निर्देश

दो टूक//नोएडा। विधान परिषद मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और डीसीपी नोएडा साद मिया खान के पर्यवेक्षण में एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्रा ने पुलिस बल के साथ थाना सेक्टर-39 क्षेत्रांतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एडीसीपी ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा प्रबंधों, पुलिस बल की तैनाती और चुनाव से संबंधित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर पुलिस अधिकारियों और पुलिस पोलिंग पार्टियों के साथ समन्वय स्थापित कर चुनावी तैयारियों की जानकारी ली गई। साथ ही पोलिंग पार्टियों के ठहरने तथा मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।

संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के निर्देश

एडीसीपी अभय कुमार मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मतदान केंद्रों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की प्रभावी चेकिंग की जाए तथा संवेदनशील गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपनी ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी, मुस्तैदी और सतर्कता के साथ निभाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने को कहा गया।

निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराना प्राथमिकता

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा प्रबंधों को प्रभावी रखा जाए, ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें और निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।

गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा एमएलसी चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाने का उद्देश्य जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल मतदान सुनिश्चित करना है।