गौतमबुद्धनगर: त्योहारों से पहले औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, कंपनी मालिकों और प्रतिनिधियों के साथ की अहम बैठक!!
डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने कंपनी मालिकों, एचआर और अकाउंटेंट के साथ की गोष्ठी, कर्मचारियों के सत्यापन से लेकर सीसीटीवी और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने और औद्योगिक क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने औद्योगिक इकाइयों के संचालकों और प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की।
सेक्टर-121 स्थित आरएस फार्म हाउस में आयोजित इस गोष्ठी में एसीपी-1 सेंट्रल नोएडा श्रीमती दीक्षा सिंह भी मौजूद रहीं। बैठक में सेंट्रल जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित औद्योगिक इकाइयों के कंपनी मालिकों, एचआर प्रतिनिधियों और अकाउंटेंट ने हिस्सा लिया।
गोष्ठी के दौरान पुलिस अधिकारियों ने त्योहारों के मद्देनजर औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कंपनी प्रतिनिधियों के साथ कर्मचारियों की आवाजाही, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा के इंतजाम, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता और आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
कर्मचारियों का सत्यापन कराने पर दिया जोर
पुलिस अधिकारियों ने सभी कंपनी मालिकों और प्रबंधन प्रतिनिधियों से अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने की अपील की। साथ ही औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने, सीसीटीवी कैमरों को चालू हालत में रखने और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी कहा गया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित किया जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, अपुष्ट अथवा अफवाह फैलाने वाली सूचना प्रसारित न करने की अपील भी की गई।
पुलिस और औद्योगिक इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
डीसीपी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने कंपनी प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सतर्क रहेगी।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने में पुलिस के साथ-साथ औद्योगिक इकाइयों और आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। पुलिस-प्रशासन और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के बीच बेहतर तालमेल एवं जनसहयोग से सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
पुलिस अधिकारियों ने सभी कंपनी प्रतिनिधियों से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस को तत्काल सूचना देने की अपील की।।
