गौतमबुद्धनगर: दादरी में घरों में चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, लाखों के जेवरात और दो लाख की नकदी बरामद!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा/दादरी। थाना दादरी पुलिस ने घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों के साथ 2 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। बरामद सामान में बड़ी मात्रा में चांदी और सोने की धातु भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को एक व्यक्ति ने थाना दादरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर की अलमारी में रखे सोने और चांदी के आभूषण अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 467/26, धारा 305 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने बुधवार, 6 अक्टूबर 2026 को दो आरोपियों आमिर पुत्र इराफान और सादाब पुत्र शमसाद को कठहैड़ा तिराहे से गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के कब्जे से उक्त मुकदमे से संबंधित चोरी किए गए आभूषण और नकदी बरामद हुई है।
बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक जोड़ी पाजेब, तीन जोड़ी पायल, बच्चों का एक जोड़ी तोड़ा, बच्चों के सात कंगन, चार जोड़ी बिछुए और कुर्ते के बटन बरामद किए हैं। इसके अलावा 163 ग्राम पिघली हुई सफेद धातु भी बरामद हुई है।
सोने के आभूषणों में एक गले का सेट, तीन हथफूल, एक गले का नेकलेस, एक टॉप्स तथा एक जोड़ी कानों के टॉप्स शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक 18 ग्राम पिघली हुई पीली धातु और 2 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
आमिर का आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी आमिर (28) निवासी फैज-ए-आम मदरसा के पास, पुराना कठहैड़ा रोड, थाना दादरी के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ दादरी, बीटा-2 और नॉलेज पार्क थानों में चोरी, माल बरामदगी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामले दर्ज बताए गए हैं।
वहीं, दूसरे आरोपी सादाब (31) निवासी मेवों की चौपाल, गौतमपुरी, थाना दादरी के खिलाफ भी इसी मुकदमे में कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने चोरी की अन्य वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं और बरामद नकदी व आभूषणों का अन्य घटनाओं से कोई संबंध है अथवा नहीं।।
