मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026

गोण्डा- सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शुरू किया आमरण अनशन, इटियाथोक ब्लाक के पांचूपुरवा का मामला

शेयर करें:
गोण्डा- इटियाथोक ब्लाक क्षेत्र के विशुनपुर तिवारी पंचायत के पांचूपुरवा मजरे में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार से आमरण अनशन शुरू किया है।
ग्रामीणों का कहना है कि जबतक कोई जिम्मेदार मौके पर आकर सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराए जाने का आस्वाशन नही देगा तबतक यह अनशन चलता रहेगा।
कार्यक्रम की अगुवाई कर रहे युवा नेता/समाजसेवी अवधेश तिवारी उर्फ बजरंगी ने कहा कि लखनीपुर चौराहा से पांचूपुरवा होते हुए विशुनपुर तिवारी को जाने वाला करीब सवा दो किलोमीटर लंबा यह मार्ग पूरी तरह से कच्चा है और रास्ते की स्थित काफी खराब है। बरसात में करीब 4 से 5 माह तक इसपर हर तरफ कीचड़ व गंदा पानी जमा रहता है। मरीजो व गर्भवती महिलाओ को चारपाई पर लिटाकर अस्पताल भेजा जाता है और बच्चे कई माह तक स्कूल नही जा पाते है। बरसात में ग्रामीणों का साइकिल या बाइक से गांव से बाहर निकलना मुश्किल रहता है। उन्होंने बताया कि इस कच्ची सड़क से लखनीपुर चौराहा, विशुनपुर तिवारी, सरकांड, पंडितपुरवा, मकदूम पुरवा, निसारूपुर, जगतापुर, जोकाही, कळेना सहित
20 गांवों के करीब 5 हजार लोग आते जाते है जिनको सबसे अधिक समस्या बरसात में होती है। कार्यक्रम के दौरान अमित तिवारी, राजेश सिंह, घनश्याम, देव प्रकाश तिवारी, राजेश तिवारी, मुर्तजा खान, बब्बुल श्रीवास्तव, रामपाल वर्मा, सरिता, ननका, रेखा, रीता, राजकुमारी, केसरी प्रसाद, इरफान सहित अन्य तमाम लोग मौजूद रहे।
इस बाबत खंड विकास अधिकारी इटियाथोक वीके मिश्रा ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है, मौके पर जाकर स्थित का जायजा लिया जा रहा है।।
(गोण्डा से प्रदीप पांडेय की रिपोर्ट)