लखनऊ :
लिक्विड बार में आधी रात हंगामा,
तोड़फोड़ मारपीट,बार फूंकने की धमकी।
दो टूक :.लखनऊ के थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र फिलिप्स स्क्वायर के लिक्विड बार में देर रात नशे में धुत युवकों द्वारा हंगामा करने, वेटर के साथ मारपीट करने और रिसेप्शनिस्ट को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
विस्तार :
लखनऊ के नाका हिंडोला क्षेत्र अशोक नगर निवासी आरोही गुप्ता ने सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह फिलिप्स स्क्वायर स्थित लिक्विड बार में रिसेप्शनिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। आरोप है कि 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 2:15 बजे बार बंद होने के बाद केशव, विकास, अमित यादव, सुमंत, देव, ब्रह्मजीत और छह-सात अन्य अज्ञात लोग नशे की हालत में डांस करते हुए पहुंचे। सभी जबरन गेट खोलकर अंदर घुसने लगे। बार बंद होने की बात कहने पर आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जबरन अंदर घुस गए।
पीड़िता के मुताबिक, अंदर पहुंचने के बाद आरोपितों ने एक वेटर के साथ मारपीट की। इसके बाद बाहर आकर रिसेप्शनिस्ट को भी अभद्र गालियां दीं। आरोप है कि युवकों ने बार को आग लगाकर फूंक देने और पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद से पीड़िता भयभीत है और डर के कारण काम पर भी नहीं जा पा रही है।
आरोही गुप्ता ने पुलिस को बताया कि पूरी घटना बार में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। उन्होंने फुटेज के आधार पर जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आरोपों की जांच और आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जाएगी।
