लखनऊ :
कैंसर संस्थान में नई लैब शुरू,कैंसर की सटीक जांच में डिजिटल पैथोलॉजी बनेगी मददगार।।
दो टूक : कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान (KSSSCI) में मंगलवार को पैथोलॉजी स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट ने ऑन्कोपैथोलॉजी विभाग में नवनिर्मित डिजिटल पैथोलॉजी लैब का उद्घाटन किया। इस आधुनिक सुविधा से कैंसर के नमूनों की जांच और रोगों के सटीक निदान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
विस्तार :
कार्यक्रम का शुभारंभ ऑन्कोपैथोलॉजी विभाग की एडिशनल प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. दीप्ति मिश्रा के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने विभाग की प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में मेदांता, लखनऊ के पैथोलॉजी एवं लैब मेडिसिन विभाग की निदेशक प्रो. मधुमति गोयल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। वहीं, एसजीपीजीआई के पैथोलॉजी विभाग के प्रोफेसर एवं डीन प्रो. मनोज जैन ने स्थापना दिवस व्याख्यान दिया।
डिजिटल तकनीक से बेहतर होगा निदान
संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट ने कहा कि कैंसर के सटीक और समयबद्ध निदान में पैथोलॉजी की अहम भूमिका है। डिजिटल पैथोलॉजी जैसी आधुनिक सुविधाओं से जांच की गुणवत्ता और कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ विशेषज्ञों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकता है।
●कैंसर पैथोलॉजी में AI की भूमिका पर चर्चा।
स्थापना दिवस व्याख्यान में प्रो. मनोज जैन ने ‘कैंसर पैथोलॉजी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस: अनुप्रयोग, चुनौतियां एवं भविष्य की संभावनाएं’ विषय पर विचार रखे। उन्होंने कैंसर के निदान में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बढ़ती उपयोगिता और पैथोलॉजी के क्षेत्र में इसके संभावित योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान फ्रोजन सेक्शन में नमूनों को फ्रीज करने से जुड़े आवश्यक संकेतों, निषेधों और प्रक्रिया स्थगित करने की परिस्थितियों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा क्विज, पोस्टर और मीम प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. विजेंद्र कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण विजय, डीन डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता और कार्यकारी रजिस्ट्रार डॉ. आयुष लोहिया सहित संस्थान के संकाय सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन सचिव एडिशनल प्रोफेसर डॉ. श्रेष्ठा घोष और संयुक्त आयोजन सचिव असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रियंका समीर ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
