गौतमबुद्धनगर: महर्षि वाल्मीकि जयंती शोभायात्रा और परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, एसीपी संचित शर्मा ने किया स्थलीय निरीक्षण!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। आगामी महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा और विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस सतर्क है। शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों द्वारा क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में तथा डीसीपी एवं एडीसीपी ग्रेटर नोएडा के पर्यवेक्षण में एसीपी प्रथम ग्रेटर नोएडा संचित शर्मा ने थाना बीटा-2 क्षेत्रांतर्गत पुलिस बल के साथ भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान महर्षि वाल्मीकि जयंती की प्रस्तावित शोभायात्रा के मार्ग, संवेदनशील स्थानों और विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान एसीपी संचित शर्मा ने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि शोभायात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। शोभायात्रा के प्रस्तावित मार्ग पर विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें। पुलिसकर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन करने और शांति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।
आपात स्थिति से निपटने के लिए पीसीआर और पीआरवी को सतर्क रहने के निर्देश
क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पीसीआर एवं पीआरवी वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
गौतमबुद्धनगर पुलिस का उद्देश्य महर्षि वाल्मीकि जयंती की शोभायात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के साथ-साथ परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। इसके लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।
