अम्बेडकरनगर :
पुलिस ने दो शातिर लुटेरो को किया गिरफ्तार,लूट का माल बरामद।।
।।पूनम तिवारी।।
दो टूक : अम्बेडकरनगर जनपद के भीटी पुलिस ने मोबाइल छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया रियलमी C-71 मोबाइल, .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई हैं।
विस्तार :
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भीटी पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस के मुताबिक, बीते 9 अक्टूबर को महमूदपुर बेला निवासी प्रभात कुमार पुत्र सुभाषचन्द्र ने शिकायत दर्ज कराई थी कि खजुरी और पिंगिरियावां के बीच बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन लिया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना भीटी में मुकदमा अपराध संख्या 252/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 18 अक्टूबर को रेवली जाने वाले मार्ग के किनारे घेराबंदी कर हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP33BV 7041) सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान सौरभ कुमार के पास से छीना गया रियलमी C-71 मोबाइल और .315 बोर का एक जिंदा कारतूस मिला, जबकि शुभम कुमार के कब्जे से .315 बोर का अवैध देशी तमंचा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपितों ने कथित तौर पर बताया कि वे अपने एक दोस्त से बाइक मांगकर लाए थे और छीने गए मोबाइल को बेचने जा रहे थे। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सौरभ कुमार (20) पुत्र शिव कुमार, निवासी बरहा, थाना महरुआ और शुभम कुमार (19) पुत्र रामलौट, निवासी मेढ़वा रघुवंशी, थाना महरुआ के रूप में हुई है। गिरफ्तार शातिरो के विरूद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
