शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-62 की भव्य रामलीला में पहुंचे कांग्रेस नेता सतेंद्र शर्मा, दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-62 की भव्य रामलीला में पहुंचे कांग्रेस नेता सतेंद्र शर्मा, दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

भगवान श्रीराम के आदर्शों से मिलती है सत्य, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा: सतेंद्र शर्मा

दो टूक//नोएडा। सेक्टर-62 में ऐतिहासिक श्री राम मित्र मंडल द्वारा आयोजित भव्य रामलीला मंचन में 15 अक्टूबर 2026 को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के स्टेट कोऑर्डिनेटर एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सतेंद्र शर्मा और प्रदेश सदस्य यतेन्द्र शर्मा अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर सतेंद्र शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर रामलीला मंचन का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण और भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता सतेंद्र शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, त्याग, करुणा और कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्श प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में सही मार्ग पर चलने तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और नैतिक मूल्यों का जीवंत प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करके एक बेहतर, संस्कारवान और आदर्श समाज का निर्माण किया जा सकता है। रामलीला जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं और भगवान श्रीराम के आदर्शों से परिचित कराने का भी सशक्त माध्यम हैं।

धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में आयोजक मंडलों की अहम भूमिका

सतेंद्र शर्मा ने ऐतिहासिक श्री राम मित्र मंडल के सभी पदाधिकारियों, आयोजकों और कार्यकर्ताओं को भव्य रामलीला के आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को निरंतर जीवंत बनाए रखने में सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों के बीच आपसी जुड़ाव बढ़ता है।

उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम की कृपा सभी पर बनी रहे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रामलीला के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और भक्तिमय माहौल नजर आया।

इस अवसर पर नोएडा के अनेक गणमान्य लोग, श्री राम मित्र मंडल के पदाधिकारी, आयोजक, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।।