शनिवार, 17 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: मिशन शक्ति 6.0: शिक्षा, स्वावलंबन और समाजसेवा में मिसाल बनीं महिलाएं सम्मानित!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मिशन शक्ति 6.0: शिक्षा, स्वावलंबन और समाजसेवा में मिसाल बनीं महिलाएं सम्मानित!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

सेक्टर-108 में आयोजित समारोह में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा, अधिकारियों ने प्रेरणादायी कार्यों की सराहना की

दो टूक//नोएडा, 17 अक्टूबर 2026। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को सेक्टर-108 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय के ऑडिटोरियम में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, सामाजिक सहयोग और स्वावलंबन के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायी कार्य करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा सुनिति ने अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका सिंह और अपर पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा मनीषा सिंह के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक योगदान देने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को सम्मानित किया। अधिकारियों ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में बदलाव लाने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में ऐसे प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

समारोह के दौरान महिला सशक्तिकरण, शिक्षा को बढ़ावा देने, जरूरतमंदों की सहायता करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कार्य कर रही महिलाओं एवं बालिकाओं के योगदान को सराहा गया। अधिकारियों ने उन्हें भविष्य में भी इसी तरह आगे बढ़ने और अन्य महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनने के लिए प्रोत्साहित किया।

महिलाओं को अधिकारों के प्रति जागरूक करना अभियान का उद्देश्य

मिशन शक्ति अभियान 6.0 का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और जरूरत पड़ने पर उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी देना है। इसके साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, सामाजिक भागीदारी बढ़ाने और उन्हें बिना किसी भय के आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा विभिन्न विभागों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और आमजन के सहयोग से महिला सुरक्षा एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने के साथ-साथ समाज में उनके सम्मान, सुरक्षा और समान अवसरों के महत्व को भी रेखांकित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त महिला सुरक्षा, महिला कल्याण विभाग के अधिकारी, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, चाइल्ड लाइन के सदस्य, सम्मानित महिलाएं एवं बालिकाएं तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।।