गौतमबुद्धनगर: मिशन शक्ति के तहत तीनों तहसीलों में लगा स्पेशल पिंक समाधान दिवस, 154 शिकायतें दर्ज!!
जेवर में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, 11 शिकायतों का मौके पर निस्तारण; महिलाओं की समस्याओं को दी गई प्राथमिकता
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 17 अक्टूबर 2026। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों जेवर, सदर और दादरी में शनिवार को मिशन शक्ति विशेष अभियान 5.0 के अंतर्गत स्पेशल पिंक समाधान दिवस का आयोजन किया गया। शारदीय नवरात्र के अवसर पर आयोजित इस विशेष समाधान दिवस में महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए उनकी शिकायतें सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। तीनों तहसीलों में कुल 154 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 11 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
तहसील जेवर में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में स्पेशल पिंक समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 62 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए और फरियादियों को समय पर राहत मिलनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का एक ही स्थान पर प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लें और उनका निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें।
पिंक हेल्प डेस्क से महिलाओं को मिली सहायता
मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित इस विशेष समाधान दिवस में महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई। इसके माध्यम से महिला फरियादियों को अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने और आवश्यक सहायता प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। साथ ही महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनी प्रावधानों तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना और उन्हें सरकारी योजनाओं एवं सहायता सेवाओं से जोड़ना रहा।
जेवर तहसील में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
दादरी में सबसे अधिक 86 शिकायतें दर्ज
इसी क्रम में तहसील दादरी में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में स्पेशल पिंक समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां फरियादियों की ओर से कुल 86 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से छह शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
वहीं, तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व/अभिलेख अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन हुआ। यहां कुल छह शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
समयबद्ध निस्तारण पर प्रशासन का जोर
तीनों तहसीलों में आयोजित स्पेशल पिंक समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन ने जनसमस्याओं के समाधान के साथ-साथ महिलाओं की शिकायतों को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि लंबित शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें और उन्हें प्रभावी राहत मिल सके।
मिशन शक्ति विशेष अभियान 5.0 के अंतर्गत आयोजित यह पहल महिलाओं को जागरूक करने, उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाने तथा प्रशासनिक व्यवस्था के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रही।।
