शनिवार, 17 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: महर्षि नगर की रामलीला में गूंजा धर्म और शौर्य का संदेश, खर-दूषण वध से लेकर जटायु-रावण युद्ध तक का हुआ भावपूर्ण मंचन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: महर्षि नगर की रामलीला में गूंजा धर्म और शौर्य का संदेश, खर-दूषण वध से लेकर जटायु-रावण युद्ध तक का हुआ भावपूर्ण मंचन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 17 अक्टूबर। नोएडा के सेक्टर-110 स्थित महर्षि नगर में आयोजित दुर्गा पूजा, विजयादशमी एवं श्रीरामलीला महोत्सव में शुक्रवार को रामकथा के प्रमुख प्रसंगों का भव्य और भावपूर्ण मंचन किया गया। शूर्पणखा प्रसंग, खर-दूषण वध, मारीच का मायावी स्वर्ण मृग बनना, माता सीता का हरण और जटायु-रावण युद्ध के दृश्यों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय और प्रभावशाली संवादों के माध्यम से भगवान श्रीराम के शौर्य, धर्म की रक्षा और भारतीय संस्कृति के आदर्शों को जीवंत कर दिया।

रामलीला के दौरान खर-दूषण वध के प्रसंग में भगवान श्रीराम के पराक्रम और अधर्म के विरुद्ध संघर्ष को दर्शाया गया। इसके बाद मारीच के स्वर्ण मृग का रूप धारण करने और माता सीता के आग्रह पर भगवान श्रीराम के उसके पीछे जाने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। इसी घटनाक्रम में रावण द्वारा माता सीता के हरण तथा उनकी रक्षा के लिए पक्षीराज जटायु के अदम्य साहस और संघर्ष का मार्मिक मंचन हुआ। जटायु और रावण के बीच युद्ध का दृश्य दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहा। इस प्रसंग ने नारी सम्मान, कर्तव्यनिष्ठा, साहस और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने का संदेश दिया।

मुख्य अतिथियों की उपस्थिति में धार्मिक आयोजन

महोत्सव के मीडिया प्रभारी ए.के. लाल ने बताया कि कार्यक्रम में नोएडा के विधायक पंकज सिंह और सपा नेता मनोज गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं को सनातन परंपराओं तथा भारतीय संस्कृति के मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

महर्षि नगर में दुर्गा पूजा एवं श्रीरामलीला महोत्सव के अंतर्गत दुर्गा पूजन, वेद पाठ, भजन-कीर्तन, प्रवचन और आरती सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। सुबह मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और शाम को भक्ति संगीत तथा वैदिक अनुष्ठानों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो रहा है। श्रद्धालु बड़ी आस्था और उत्साह के साथ कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं।

भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प

आयोजकों के अनुसार, दुर्गा पूजा, विजयादशमी एवं श्रीरामलीला महोत्सव का उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाना है। रामलीला के माध्यम से सत्य, त्याग, मर्यादा, कर्तव्य और पारिवारिक संबंधों के महत्व को रेखांकित किया जा रहा है। यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा भी दे रहा है।

इस अवसर पर महर्षि महेश योगी संस्थान के अध्यक्ष एवं महर्षि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति अजय प्रकाश श्रीवास्तव तथा राहुल भारद्वाज विशेष रूप से उपस्थित रहे।

श्री दुर्गा पूजा, विजयादशमी एवं श्रीरामलीला महोत्सव के संयोजक रामेंद्र सचान के साथ जेवर एयरपोर्ट के निदेशक ब्रजेश सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इसके अलावा प्रबंध समिति के सदस्य विनोद श्रीवास्तव, शिशिर कांत श्रीवास्तव, विनीत श्रीवास्तव, विनोद दीक्षित, एस.पी. गर्ग, श्रीकांत ओझा, मनोज श्रीवास्तव, संतोष श्रीवास्तव, लल्लन पाठक, दयाशंकर गुप्ता, शशिभूषण यादव, राजेंद्र शुक्ला, राजेंद्र खंतवाल और नरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

महर्षि नगर में आयोजित यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव आस्था, भक्ति और भारतीय परंपराओं का संगम बन रहा है। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करने और समाज में धर्म, सदाचार तथा नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।।