शनिवार, 17 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: दुर्गा पूजा पंडाल की सुरक्षा पर पुलिस अलर्ट, एसीपी प्रवीण कुमार सिंह ने लिया जायजा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दुर्गा पूजा पंडाल की सुरक्षा पर पुलिस अलर्ट, एसीपी प्रवीण कुमार सिंह ने लिया जायजा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 17 अक्टूबर। दुर्गा पूजा के आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में एसीपी-1 नोएडा प्रवीण कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ थाना सेक्टर-20 क्षेत्र के अंतर्गत स्थित दुर्गा पूजा पंडाल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसीपी प्रवीण कुमार सिंह ने दुर्गा पूजा पंडाल और उसके आसपास के क्षेत्र का भ्रमण कर श्रद्धालुओं के आवागमन, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन स्थल पर मौजूद लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी भी प्राप्त की, ताकि आयोजन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वे ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतें और पंडाल में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। साथ ही, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

एसीपी ने आवागमन को सुचारु बनाए रखने, भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

यह निरीक्षण पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा डीसीपी नोएडा साद मिया खान और एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में किया गया। पुलिस का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।।