गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-58 पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर मोबाइल स्नैचर, चोरी की बाइक और 3 मोबाइल समेत अवैध चाकू बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-58 पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर मोबाइल स्नैचर, चोरी की बाइक और 3 मोबाइल समेत अवैध चाकू बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने चोरी और मोबाइल स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी व स्नेचिंग के तीन मोबाइल फोन, चोरी की मोटरसाइकिल, मोबाइल बिक्री से मिले 2 हजार रुपये की नकदी और एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने साथी के साथ चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर मोबाइल चोरी और स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देता था।

पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर थाना सेक्टर-58 पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए निखिल मिश्रा उर्फ कन्हैया पुत्र राजीव मिश्रा को सेक्टर-57, नोएडा से गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से ग्राम सरौठ पक्षाया, थाना जसरथपुर, एटा का रहने वाला है और वर्तमान में खोड़ा कॉलोनी, थाना खोड़ा, गाजियाबाद में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 24 वर्ष है।

चोरी की बाइक से करता था मोबाइल स्नेचिंग

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर मोबाइल फोन चोरी और स्नेचिंग की वारदातें करता था। पुलिस के मुताबिक बरामद मोटरसाइकिल आरोपी ने सेक्टर-56, नोएडा से चोरी की थी।

आरोपी ने यह भी बताया कि उसने सेक्टर-58 क्षेत्र से एक iPhone 14 Pro मोबाइल फोन छीना था। बाद में इस मोबाइल को उसने सस्ते दामों में राह चलते एक व्यक्ति को बेच दिया था। मोबाइल बिक्री से मिली रकम को उसने अपनी मौज-मस्ती में खर्च कर दिया, जबकि 2 हजार रुपये उसके पास बचे हुए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया।

तीन मोबाइल फोन और चाकू भी बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी और स्नेचिंग के तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोनों के संबंध में पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-58 में तीन मुकदमे दर्ज किए हैं। इनमें मुकदमा अपराध संख्या 328/2026 धारा 303(2) बीएनएस, मुकदमा अपराध संख्या 329/2026 धारा 304(2) बीएनएस तथा मुकदमा अपराध संख्या 339/2026 धारा 317(2), 317(5) बीएनएस और 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस अब आरोपी के साथी और बरामद मोबाइल फोन से जुड़ी अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पूछताछ के आधार पर पुलिस को चोरी और स्नेचिंग की अन्य वारदातों के संबंध में भी अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।