गोण्डा- शराब की दुकान के पास हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले 3 अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साथ ही अवैध पिस्टल, 2 जिन्दा व 1 खोखा कारतूस भी बरामद किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 5.10.2026 को थाना कोतवाली देहात पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम रायपुर सुल्तानजोत स्थित कंपोजिट शराब की दुकान के पास कुछ व्यक्तियों द्वारा दहशत फैलाने की नीयत से हवाई फायरिंग की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की गई। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ एवं अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर घटना में 3 व्यक्तियों की संलिप्तता प्रकाश में आई।
थाना कोतवाली देहात पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए एक अभियुक्त रामफेर तिवारी उर्फ पालू तिवारी को मौके से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही एवं पुलिस टीम द्वारा की गई तलाश के दौरान डड़वा कानूनगो स्थित मत्स्य पालन विभाग की बिल्डिंग से उसके दो अन्य साथी मोहम्मद कलाम एवं पंकज मिश्रा को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों से पूछताछ में उनके द्वारा शराब पीने के दौरान स्थानीय लोगों से कहासुनी होने के बाद दबदबा कायम करने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग करने की बात स्वीकार की गई। तलाशी के दौरान अभियुक्त मोहम्मद कलाम के कब्जे से एक अदद अवैध पिस्टल 7.65 एमएम तथा अभियुक्त पंकज मिश्रा के कब्जे से एक अदद जिन्दा कारतूस 7.65 एमएम बरामद हुआ। अभियुक्त रामफेर तिवारी के कब्जे से भी एक अदद जिन्दा कारतूस 7.65 एमएम बरामद हुआ। घटनास्थल से एक अदद खोखा कारतूस 7.65 एमएम भी बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तगण के विरूध्द थाना को0 देहात पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर न्यायालय रवाना किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तगण-
1. रामफेर तिवारी उर्फ पालू तिवारी पुत्र कृपाशंकर तिवारी, निवासी ग्राम मझवा, थाना कोतवाली देहात, जनपद गोण्डा।
2. मोहम्मद कलाम पुत्र इस्लाम, निवासी कर्बला रोड, गिर्द, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोण्डा।
3. पंकज मिश्रा पुत्र संतोष मिश्रा, निवासी ग्राम मांदे, पोस्ट बहलोलपुर, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोण्डा।
पंजीकृत अभियोग-
मु0अ0सं0- 950/26, संबंधित धारा 3(5) बीएनएस, 3/25/27 आर्म्स एक्ट एवं 7 सीएल एक्ट थाना कोतवाली देहात, जनपद गोण्डा।
बरामदगी-
01- 01 अदद अवैध पिस्टल 7.65 एमएम
02- 02 अदद अवैध जिन्दा कारतूस 7.65 एमएम
03- 01 अदद खोखा कारतूस 7.65 एमएम
