गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस का जोर, सेक्टर-28, 29 और ब्रह्मपुत्र मार्केट में फुट पेट्रोलिंग!!
संदिग्ध वाहनों की जांच, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई और पीसीआर-पीआरवी को लगातार गश्त करने के निर्देश
दो टूक//नोएडा, 22 अक्टूबर। गौतमबुद्धनगर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नोएडा पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में एसीपी-1 नोएडा प्रवीण कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ थाना सेक्टर-20 क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस अधिकारियों ने सेक्टर-28, सेक्टर-29 और ब्रह्मपुत्र मार्केट सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर पैदल गश्त की। इस दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ ही पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए। प्रमुख बाजारों और व्यस्त इलाकों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
संदिग्ध वाहनों की जांच और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
फुट पेट्रोलिंग के दौरान एसीपी-1 नोएडा प्रवीण कुमार सिंह ने संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों की बैरिकेडिंग लगाकर नियमानुसार जांच की जाए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए, ताकि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का माहौल बना रहे।
पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार गश्त करने के निर्देश
एसीपी-1 ने पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच सके। साथ ही संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी नोएडा साद मिया खान और एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्र के पर्यवेक्षण में की गई। नोएडा पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात को व्यवस्थित रखने और नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है।।
