गौतमबुद्धनगर: नोएडा में 25 हजार का इनामी गांजा तस्करी का आरोपी गिरफ्तार, अवैध चाकू बरामद!!
फेस-2 पुलिस ने सेक्टर-80 से दबोचा, एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में एक साल से चल रहा था वांछित**
दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस की अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत थाना फेस-2 पुलिस ने ₹25 हजार के इनामी और वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को सेक्टर-80 के डी-ब्लॉक से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में गांजा तस्करी जैसी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और थाना फेस-2 में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में पिछले करीब एक वर्ष से फरार चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर 2026 को थाना फेस-2 पुलिस की टीम मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-80 के डी-ब्लॉक में घेराबंदी कर वांछित अभियुक्त मोहम्मद शादाब उर्फ सोनू उर्फ शमशाद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹25 हजार का इनाम घोषित था।
गांजा तस्करी के मामले में चल रहा था वांछित
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोहम्मद शादाब उर्फ सोनू उर्फ शमशाद पुत्र रहीसुद्दीन, निवासी इस्लाम नगर, थाना खतौली, जनपद मुजफ्फरनगर, उम्र करीब 34 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी थाना फेस-2 में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में पिछले एक वर्ष से वांछित था। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक अवैध चाकू बरामद किया गया है।
दो मुकदमे दर्ज
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ थाना फेस-2 में दो मुकदमों का विवरण दिया है। इनमें पहला मुकदमा अपराध संख्या 415/2025, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट तथा दूसरा मुकदमा अपराध संख्या 489/2026, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज है। अवैध चाकू की बरामदगी के संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इनामी और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सूचना तंत्र और अन्य माध्यमों से कार्रवाई कर रही हैं।
