शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-18 मल्टीलेवल पार्किंग की छत पर थार से स्टंटबाजी करने वाले दो युवक गिरफ्तार, गाड़ी सीज!!

शेयर करें:
गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-18 मल्टीलेवल पार्किंग की छत पर थार से स्टंटबाजी करने वाले दो युवक गिरफ्तार, गाड़ी सीज!!
 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई सेक्टर-20 पुलिस, दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू

दो टूक//नोएडा। सेक्टर-18 स्थित मल्टीलेवल कार पार्किंग की छत पर थार कार दौड़ाकर स्टंटबाजी करना दो युवकों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी का वीडियो वायरल होने के बाद थाना सेक्टर-20 पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने स्टंटबाजी में इस्तेमाल की गई थार कार को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें दो युवक सेक्टर-18 स्थित मल्टीलेवल कार पार्किंग की छत पर थार कार चलाकर स्टंटबाजी करते दिखाई दिए। वीडियो का संज्ञान लेते हुए थाना सेक्टर-20 पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक त्रिपाठी (23 वर्ष), पुत्र उमेश प्रसाद, निवासी गाजीपुर विलेज, दिल्ली, और जतिन कुमार (23 वर्ष), पुत्र अनिल कुमार, निवासी वेस्ट विनोद नगर, मंडावली, दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों की थार कार, जिसका पंजीकरण नंबर DL7CU6801 है, को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सार्वजनिक स्थानों और पार्किंग स्थलों पर वाहन से स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ शिकायत या वीडियो सामने आने पर कार्रवाई की जा रही है। ऐसी गतिविधियां न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन कर सकती हैं, बल्कि लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा करती हैं।।