गौतमबुद्धनगर में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान, बूथों पर बैठेंगे बीएलओ!!
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, बोले—कोई भी पात्र मतदाता नाम दर्ज कराने से न रहे वंचित
12 नवंबर को प्रकाशित होगा मतदाता सूची का प्रारूप, 4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम प्रकाशन
दो टूक//नोएडा, 16 अक्टूबर 2026।
गौतमबुद्धनगर में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर जिला निर्वाचन प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान के लिए पात्र होने वाले युवाओं को पंजीकरण का अवसर देने के उद्देश्य से जनपद में 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन दोनों दिनों में जिले के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी, जहां पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस संबंध में शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारिणी, मतदाता पंजीकरण अभियान और निर्वाचन संबंधी विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।
सभी मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी पंजीकरण की सुविधा
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। इसके तहत 17 अक्टूबर और 24 अक्टूबर को विशेष पंजीकरण अभियान आयोजित होगा। दोनों निर्धारित तिथियों पर जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे।
मतदान केंद्रों पर स्थापित हेल्प डेस्क के माध्यम से नागरिकों को आवेदन भरने तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई जाएगी। इसके लिए फॉर्म-6 सहित आवश्यक प्रपत्र, निर्वाचक नामावली और उसकी पूरक सूचियां बीएलओ के पास उपलब्ध रहेंगी। अभियान का विशेष जोर उन युवाओं पर रहेगा, जो पहली बार मतदाता बनने के पात्र हैं, साथ ही ऐसे पात्र नागरिकों को भी पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है।
4 जनवरी 2027 को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की निर्धारित समय-सारिणी की जानकारी भी दी गई। इसके अनुसार मतदेय स्थलों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन की कार्यवाही 2 नवंबर 2026 तक पूरी की जानी है। एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को होगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को निर्धारित है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कर 18 अक्टूबर तक प्रारूप सूची तैयार करके जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करानी है। इसके बाद 19 अक्टूबर को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रारूप सूची पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस दौरान राजनीतिक दलों के सुझाव एवं आपत्तियां भी प्राप्त की जाएंगी।
युवाओं और नए मतदाताओं को जागरूक करने पर जोर
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य निर्वाचक नामावली को अद्यतन और अधिक समावेशी बनाना है, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का अवसर मिल सके। उन्होंने संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंजीकरण अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और विशेष रूप से युवाओं एवं पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों को जागरूक किया जाए।
उन्होंने कहा कि आमजन को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि पात्र नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय से अपना पंजीकरण करा सकें। निर्वाचन से संबंधित सभी कार्य पारदर्शिता, सुव्यवस्थित व्यवस्था और निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूरे किए जाएं।
आरडब्ल्यूए और एओए के सहयोग से सोसाइटियों तक पहुंचेगा अभियान
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और बीएलओ को निर्देश दिए कि जनपद की आवासीय सोसाइटियों में अभियान की जानकारी पहुंचाने के लिए आरडब्ल्यूए और एओए के अध्यक्षों एवं प्रबंधन का सहयोग लिया जाए। उन्होंने कहा कि आवासीय सोसाइटियों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक मतदाता पंजीकरण की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता इस अवसर से वंचित न रहे।
उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, संबंधित अधिकारी, बीएलओ, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और सोसाइटी प्रबंधन आपसी समन्वय के साथ काम करें, जिससे मतदाता पंजीकरण अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप दिया जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम और विशेष अभियान की तिथियों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए। इसका उद्देश्य जनपद के प्रत्येक पात्र नागरिक तक जानकारी पहुंचाना और मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाना है।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
भाजपा की ओर से जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी, जिला उपाध्यक्ष महेश अवाना और नोएडा उपाध्यक्ष युद्धवीर चौहान उपस्थित रहे। सीपीआई (एम) से प्रतिनिधि सचिव रवि बरगोति एवं सौम्या वत्स, बहुजन समाज पार्टी से जिला अध्यक्ष लखमी सिंह, कोषाध्यक्ष इन्साद अली एवं विधानसभा प्रभारी ओमप्रकाश सिंह, समाजवादी पार्टी से प्रदेश सचिव गजेंद्र सिंह यादव तथा कांग्रेस से उपाध्यक्ष नीरज लोहिया सहित अन्य प्रतिनिधियों ने बैठक में सहभागिता की।
जिला निर्वाचन प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों, राजनीतिक दलों और आवासीय सोसाइटियों से समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने की अपील की है, ताकि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।।
