गौतमबुद्धनगर: जारचा पुलिस ने अवैध तमंचे और कारतूस के साथ मेरठ के राशिद को दबोचा, कई जिलों में दर्ज हैं 11 आपराधिक मुकदमे!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट की जारचा थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .312 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेरठ जिले के सरधना थाना क्षेत्र के बदरूदीननगर नन्नू निवासी राशिद (32) पुत्र तय्यूब के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को 17 अक्टूबर 2026 को स्थानीय खुफिया सूचना और बीट पुलिसिंग की मदद से खुरशैदपुरा के पास से गिरफ्तार किया गया।
कई जिलों में दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी राशिद का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत और गौतमबुद्धनगर से जुड़े कुल 11 मुकदमों का विवरण सामने आया है। इनमें लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर आरोपों से संबंधित मामले शामिल हैं।
आरोपी के खिलाफ थाना जारचा में मुकदमा अपराध संख्या 185/2026 के तहत आयुध अधिनियम की धारा 3/25 में मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा उसके आपराधिक इतिहास में वर्ष 2021 और 2022 के दौरान विभिन्न थानों में दर्ज लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और अन्य आपराधिक धाराओं के मुकदमे शामिल हैं।
अवैध हथियार बरामद, पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई
जारचा थाना पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .312 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध हथियारों की रोकथाम और अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
