UPITS-2026 में छाया यूपी पुलिस का स्मार्ट स्टॉल, आधुनिक तकनीक से लेकर साइबर सुरक्षा तक की दी जा रही जानकारी!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। एक्सपो मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में उत्तर प्रदेश पुलिस का आकर्षक स्टॉल लोगों के बीच खासा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ‘स्मार्ट पुलिस-प्रोग्रेसिव यूपी’ थीम पर तैयार किए गए इस स्टॉल के माध्यम से पुलिस की आधुनिक कार्यप्रणाली, नागरिक सेवाओं, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी नवाचार और विभिन्न पुलिस इकाइयों की कार्यप्रणाली से आमजन को रूबरू कराया जा रहा है। ट्रेड शो में आने वाले उद्यमियों, युवाओं और अन्य आगंतुकों की स्टॉल पर बड़ी संख्या में मौजूदगी देखी जा रही है।
गौतमबुद्धनगर में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से लगाए गए इस स्टॉल में पुलिस की विभिन्न इकाइयों और सेवाओं को एक ही स्थान पर प्रदर्शित किया गया है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की पुलिस टीम भी स्टॉल के संचालन और आगंतुकों को जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
स्टॉल पर एसटीएफ, एटीएस, यूपी-112, यातायात पुलिस, महिला हेल्पलाइन 1090, साइबर सेल, एफएसएल, टेलीकॉम, एसडीआरएफ, जीआरपी और फायर विभाग समेत विभिन्न इकाइयों की सेवाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी दी जा रही है। एटीएस और एसटीएफ द्वारा प्रदर्शित आधुनिक हथियारों तथा तकनीकी उपकरणों को देखने के लिए विशेष रूप से युवाओं में उत्साह नजर आ रहा है।
साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक किए जा रहे आगंतुक
पुलिस स्टॉल का एक प्रमुख आकर्षण साइबर सुरक्षा से जुड़ा जागरूकता अभियान भी है। साइबर सेल की टीम द्वारा लोगों को डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, रैंसमवेयर, मैलवेयर, ट्रोजन, एआई आधारित साइबर हमले, सेक्सटॉर्शन, साइबर बुलिंग, वित्तीय धोखाधड़ी, निवेश के नाम पर ठगी, फर्जी वेबसाइट और विज्ञापनों के जरिए ऑनलाइन खरीदारी में धोखाधड़ी, फेक कस्टमर केयर, म्यूल अकाउंट और फर्जी लोन ऐप जैसे साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी जा रही है।
आगंतुकों को बताया जा रहा है कि किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तत्काल कार्रवाई करना बेहद जरूरी है। साइबर फ्रॉड की स्थिति में 1930 पर शिकायत, नजदीकी साइबर सेल को सूचना देने और उत्तर प्रदेश पुलिस के साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बारे में भी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
UP-COP और ऑनलाइन नागरिक सेवाओं की भी जानकारी
उत्तर प्रदेश पुलिस की तकनीकी सेवाओं से जुड़े स्टॉल पर आमजन को चरित्र सत्यापन, ऑनलाइन शिकायत पंजीकरण, UP-COP एप और अन्य डिजिटल नागरिक सेवाओं के संबंध में जानकारी दी जा रही है। पुलिस की ओर से लोगों को बताया जा रहा है कि तकनीक के माध्यम से पुलिस सेवाओं को अधिक सुगम और नागरिकों तक आसानी से पहुंचाने के लिए विभिन्न डिजिटल सुविधाएं विकसित की गई हैं।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पर भी विशेष फोकस
मिशन शक्ति 5.0 के स्टॉल के माध्यम से महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, लैंगिक अपराधों, साइबर अपराध और साइबर सुरक्षा के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
आगंतुकों को ‘सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन’ के उद्देश्य से संचालित योजनाओं, मिशन शक्ति और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे अभियानों के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। छोटे बच्चों को गुड टच और बैड टच की जानकारी देकर उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्टॉल पर लोगों को महिला हेल्पलाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, साइबर हेल्पलाइन 1930, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 समेत महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी जा रही है।
उद्यमियों और युवाओं में दिख रहा खास उत्साह
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में देश-विदेश से आने वाले उद्यमियों और बड़ी संख्या में युवाओं ने पुलिस स्टॉल का भ्रमण किया। आधुनिक पुलिसिंग, तकनीकी उपकरणों, साइबर सुरक्षा और पुलिस की विभिन्न सेवाओं के बारे में जानकारी लेने में आगंतुकों ने विशेष रुचि दिखाई।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों के साथ ही वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भी पुलिस स्टॉल का भ्रमण किया और वहां प्रदर्शित पुलिस की आधुनिक कार्यप्रणाली एवं विभिन्न नागरिक सेवाओं की जानकारी ली। ट्रेड शो में यूपी पुलिस का यह स्टॉल तकनीक, सुरक्षा और नागरिक सेवाओं के बदलते स्वरूप को एक मंच पर प्रदर्शित कर रहा है।
