बुधवार, 23 सितंबर 2026

मऊ :कोपागंज बाजार में आरसीसी सड़क निर्माण शुरू,लोगों में खुशी।।||Mau:RCC road construction begins in Kopaganj market, people are happy.||

शेयर करें:
मऊ :
कोपागंज बाजार में आरसीसी सड़क निर्माण शुरू,लोगों में खुशी।।
◆करीब 49 लाख दस हजार रुपये की लागत से भरत मिलाप  से थाना हाइवे तक बनेगी सड़क।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के नगर पंचायत कोपागंज के बाजार क्षेत्र में लंबे इंतजार के बाद जर्जर मुख्य सड़क के कायाकल्प का कार्य शुरू हो गया है। करीब दो दशक पुरानी सड़क को तोड़कर अब भरत मिलाप  से थाना हाइवे तक करीब 49 लाख 10 हजार रुपये की लागत से आरसीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। सड़क निर्माण शुरू होने से नगरवासियों में खुशी का माहौल है। निर्माण कार्य में नगर पंचायत प्रशासन के कर्मचारी भी मौके पर निगरानी और व्यवस्थाओं में जुटे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार बाजार की मुख्य सड़क करीब दो दशक पहले आरसीसी से बनाई गई थी। लंबे समय तक आवागमन के कारण सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने के साथ ही धंसने लगी थी। इससे बाजार में आने-जाने वाले लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क के पुनर्निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
नगरवासियों के मुताबिक करीब एक वर्ष पहले नगर पंचायत प्रशासन की ओर से सड़क की मरम्मत और निर्माण की कवायद शुरू की गई थी, लेकिन त्योहार के मद्देनजर स्थानीय लोगों के विरोध के बाद उस समय कार्य रोक दिया गया था। उस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि की ओर से त्योहार के बाद आरसीसी सड़क बनवाने का आश्वासन दिया गया था। अब निर्माण कार्य शुरू होने के बाद लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
हालांकि सड़क निर्माण के चलते फिलहाल बाजार क्षेत्र में आवागमन प्रभावित है। दुकानों के सामने निर्माण कार्य चलने से बाजार में अपेक्षाकृत सन्नाटा भी दिखाई दे रहा है। वहीं नगरवासी निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी बारीकी से नजर बनाए हुए हैं, ताकि सड़क मजबूत और टिकाऊ बन सके।
नगर पंचायत प्रशासन के अनुसार सड़क निर्माण के बाद नाली का भी निर्माण कराया जाएगा। इससे बाजार क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी। आगामी त्योहारों को देखते हुए निर्माण कार्य समय से पूरा कराने के लिए ठेकेदार और नगर पंचायत प्रशासन की ओर से तेजी से काम कराया जा रहा है।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अरशद रेयाज ने कहा कि नगरवासियों की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता के साथ पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोगों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।
वहीं नगर पंचायत कोपागंज के अधिशासी अधिकारी सी.एल. तिवारी ने बताया कि सड़क के बीच-बीच में जगह-जगह गड्ढे हो गए थे, जिससे लोगों के आवागमन में दिक्कत हो रही थी। लोगों की सुविधा को देखते हुए सड़क को गड्ढामुक्त और सुगम बनाने के लिए आरसीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।