मऊ :
राजकीय महिला महाविद्यालय में छात्राओं की सुविधा के लिए शक्ति सिंह ने बढ़ाया सहयोग का हाथ।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ राजकीय महिला महाविद्यालय में छात्राओं की सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं पश्चिम बंगाल प्रभारी तथा दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष शक्ति सिंह ने पहल की है। महाविद्यालय में सरकारी योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं के अतिरिक्त उन्होंने अपनी ओर से छात्राओं के लिए कुर्सियां, वाटर कूलर तथा बारिश से बचाव के लिए छतरियां उपलब्ध कराईं।
शक्ति सिंह ने अपने जन्मदिन के अवसर पर राजकीय महिला महाविद्यालय को गोद लेने की पहल की थी। इसी क्रम में महाविद्यालय की आवश्यकताओं और छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके स्तर से लगातार सहयोग किया जा रहा है। गर्मी के मौसम में छात्राओं को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वाटर कूलर, बरसात में आने-जाने में होने वाली परेशानी को देखते हुए छतरियां तथा बैठने की सुविधा के लिए अतिरिक्त कुर्सियां उपलब्ध कराई गई हैं।
इस अवसर पर शक्ति सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा शिक्षण संस्थानों को सुविधाएं उपलब्ध कराना सराहनीय प्रयास है, लेकिन समाज के जिम्मेदार लोगों को भी अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देना चाहिए। शिक्षा के क्षेत्र में किया गया छोटा-सा प्रयास भी विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने कहा कि राजनीति और सामाजिक जीवन केवल पद एवं दायित्व तक सीमित नहीं होना चाहिए। इसकी वास्तविक सार्थकता तभी है, जब समाज की जरूरतों को समझकर धरातल पर काम किया जाए। छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
शक्ति सिंह ने मऊ के विकास को लेकर कहा कि शिक्षा, रोजगार और बेहतर बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि “हमें अपने मऊ में अपराध के कीचड़ को साफ करके विकास की गंगा बहानी है। मऊ की पहचान अपराध और भय से नहीं, बल्कि शिक्षा, विकास, रोजगार और बेहतर भविष्य से हो—यह हमारा संकल्प होना चाहिए।”
उन्होंने युवाओं से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनसेवा को केवल राजनीति का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व के रूप में देखा जाना चाहिए। राजकीय महिला महाविद्यालय में छात्राओं की सुविधा के लिए किया गया सहयोग इसी सोच का हिस्सा है।
शक्ति सिंह लंबे समय से छात्र एवं युवा राजनीति से जुड़े रहे हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं पश्चिम बंगाल प्रभारी के रूप में संगठनात्मक दायित्व निभा रहे हैं।
महाविद्यालय में छात्राओं की सुविधा के लिए की गई इस पहल को शिक्षा एवं जनसेवा से जुड़ा सकारात्मक कदम माना जा रहा है। शक्ति सिंह ने भविष्य में भी महाविद्यालय की आवश्यकता के अनुरूप सहयोग जारी रखने की बात कही है।
