बुधवार, 9 सितंबर 2026

लखनऊ :बेसमेंट में संचालित कैफे को एसडीएम-सीओ की मौजूदगी में किया गया सील।।||Lucknow:The cafe operating in the basement was sealed in the presence of the SDM and CO.||

शेयर करें:
लखनऊ :
बेसमेंट में संचालित कैफे को एसडीएम-सीओ की मौजूदगी में किया गया सील।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र में नियमों की अनदेखी कर बेसमेंट में संचालित किए जा रहे कैलेंडर तिराहा स्थित देवराज कैफे के खिलाफ मंगलवार को नगर पंचायत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री और सीओ जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में नगर पंचायत की टीम ने कैफे को बंद कराकर सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार, बेसमेंट में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने की शिकायत मिलने के बाद नगर पंचायत और फायर सर्विस विभाग की ओर से कैफे संचालक को पूर्व में कई बार नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस के माध्यम से निर्धारित मानकों का पालन करने तथा बेसमेंट में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों को बंद करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कैफे का संचालन जारी रहने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया।
मंगलवार को नगर पंचायत की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। एसडीएम की मौजूदगी में अधिकारियों ने कैफे को बंद कराया और नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई पूरी की। कार्रवाई की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों और अन्य प्रतिष्ठान संचालकों में भी हलचल मच गई।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी देवेश मिश्रा ने बताया कि भवन एवं व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े निर्धारित नियमों का पालन करना सभी प्रतिष्ठान संचालकों के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि देवराज कैफे संचालक को कई बार नोटिस दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं किया गया। इसी के चलते सीलिंग की कार्रवाई की गई है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नगर क्षेत्र में बिना अनुमति अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित होने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान तहसीलदार सुधांशु कुमार, सीओ जितेंद्र सिंह, कोतवाल कमलकांत वर्मा, फायर सर्विस के अधिकारी, नगर पंचायत कर्मचारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।