लखनऊ :
पीजीआई कैंपस में कुत्तों का आतंक, छह लोगों को काटा; दहशत में डंडे लेकर निकल रहे लोग।।
दो टूक : लखनऊ के पीजीआई कैंपस के टाइप-वन आवासीय क्षेत्र में आवारा कुत्तों के आतंक से लोग दहशत में हैं। बुधवार रात एक खूंखार कुत्ते ने राहगीरों और टहल रहे लोगों पर हमला कर छह लोगों को काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद गुरुवार सुबह लोग हाथों में डंडे लेकर घरों से बाहर निकले। अभिभावकों ने बच्चों को अकेले बाहर भेजना तक बंद कर दिया है।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार एसजीपीजीआई कैम्पस के आवास मकानों में आवारा कुत्तों के आतंक से लोग दशहत मे जी रहे है। आए दिन यह कुत्ते किसी न किसी को काटकर जखमी कर दे रहे है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बुधवार रात टाइप-वन आवासीय क्षेत्र के आसपास घूम रहे कुत्ते ने अचानक राहगीरों और टहल रहे लोगों पर हमला बोल दिया। हमले में निशा यादव (25), धर्मेश (27), रीता (20), दो सुरक्षा गार्ड समेत छह लोग घायल हुए।
कई दिनों से लोगों के लिए बना हुआ था खतरा
स्थानीय निवासी बृजभूषण यादव, मो. हकीक, हिमांशु, ब्रजेश पटेल और प्रणव ने बताया कि उक्त कुत्ता कई दिनों से परिसर में घूम रहा है और लोगों को देखते ही दौड़ पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले एक नीलगाय की मौत हुई थी, जिसके शव को कुत्तों को मांस खाते हुए देखा गया था। इसके बाद से कुत्ते के व्यवहार को लेकर लोगों में आशंका और बढ़ गई है। हमले की घटना के बाद गुरुवार सुबह लोग डंडे लेकर टहलने निकले, ताकि किसी हमले की स्थिति में अपना बचाव कर सकें।
◆नगर निगम से तत्काल कार्रवाई की मांग।
स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब दो महीने पहले नगर निगम की टीम आवारा कुत्तों को पकड़ने पहुंची थी, लेकिन कुछ लोगों के विरोध के कारण अभियान पूरा नहीं हो सका। अब एक ही रात में छह लोगों के घायल होने के बाद लोगों में भय का माहौल है।
स्थानीय निवासियों ने नगर निगम से तत्काल विशेष अभियान चलाकर खूंखार कुत्ते को पकड़ने और आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
