लखनऊ :
ई-रिक्शा में बुजुर्ग महिला को घेरकर चेन उड़ाने वाली दो शातिर महिलाएं गिरफ्तार,भेजी गई जेल।।
भीड़ का फायदा उठाकर गले से सोने की चेन चोरी, बेचकर मिले ₹10 हजार में से ₹5,450 बरामद।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना ठाकुरगंज पुलिस ने ई-रिक्शा में सवार बुजुर्ग महिला को घेरकर उसके गले से सोने की चेन चोरी करने वाली दो शातिर महिला चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चेन बेचकर मिली रकम में से ₹5,450 नकद बरामद किए हैं। दोनों महिलाओं का पहले भी चोरी के मामलों में आपराधिक इतिहास सामने आया है।
भीड़ में घेरकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक अलीगंज निवासी मीना 28 अगस्त को अपने बेटे अनूप राजपूत के साथ रूमी गेट से ई-रिक्शा में बैठकर दुबग्गा की ओर जा रही थीं। बालागंज चौराहे के पास कुछ महिलाएं ई-रिक्शा में सवार हो गईं। आरोप है कि महिलाओं ने भीड़ का फायदा उठाकर बुजुर्ग महिला को चारों तरफ से घेर लिया और धक्का-मुक्की करने लगीं। इसी दौरान उनके गले से सोने की चेन चोरी कर सभी मौके से फरार हो गईं।
पीड़िता की तहरीर पर ठाकुरगंज थाने में मु0अ0सं0-577/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
CCTV और मुखबिर की सूचना से पहुंची पुलिस आरोपियों तक
वारदात के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही संदिग्धों की जानकारी जुटाते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस और डीसीपी पश्चिमी जोन की सर्विलांस टीम को मिली सूचना के आधार पर 2 सितंबर को शाम करीब 3:55 बजे मूसाबाग खंडहर प्रेरणास्थल के पास से दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान रीमा (50) पत्नी सुरेश और चंचल (23) पत्नी अश्विन, दोनों निवासी देवा शरीफ मजार के पास झोपड़पट्टी, थाना देवा, बाराबंकी के रूप में हुई।
₹10 हजार में बेच दी थी चेन
पूछताछ में पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने 28 अगस्त को ई-रिक्शा में बुजुर्ग महिला की चेन चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोप है कि चोरी की गई सोने की चेन को दोनों ने किसी राह चलते व्यक्ति को करीब ₹10 हजार में बेच दिया और रकम आपस में बांट ली। पुलिस ने बताया कि बरामद ₹5,450 उसी रकम में से बची हुई धनराशि है। चंचल के पास से ₹3,250 और रीमा के कब्जे से ₹2,200 बरामद हुए।
बरामदगी और विवेचना के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/317(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पहले से दर्ज हैं चोरी के मुकदमे
पुलिस के मुताबिक दोनों महिलाओं के खिलाफ मड़ियांव थाने में वर्ष 2023 में चोरी और चोरी का माल रखने से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं। ठाकुरगंज का वर्तमान मुकदमा मिलाकर उनका आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
पुलिस की इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक ओमवीर सिंह चौहान, चौकी प्रभारी बालागंज मनुज कुमार, उपनिरीक्षक कलीमुल्ला, तुफैल सिद्दीकी समेत ठाकुरगंज पुलिस टीम और डीसीपी पश्चिमी जोन की सर्विलांस टीम शामिल रही।
