लखनऊ :
आशियाना में चेन लूटने वाले दो शातिर गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर समेत साथी दबोचे,दो लूटी गई चेन,मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल पल्सर बरामद।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना पुलिस ने चेन लूट की वारदातों का खुलासा करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में एक थाना आशियाना का हिस्ट्रीशीटर है। दोनों आरोपी बाइक से महिलाओं को निशाना बनाकर उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पीली धातु की चेन, दो मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल संख्या UP32PR5996 बरामद की है।
विस्तार :
DCP मध्य ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते 11 सितंबर को सेक्टर-एन निवासी सेवा देवी दोपहर करीब 12 बजे अपने घर के पास थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए। मामले में आशियाना थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी।
इसी तरह 3 सितंबर की रात करीब 9 बजे बिजनौर थाना क्षेत्र की रहने वाली दुर्गेश त्रिपाठी से भी बाइक सवार दो बदमाशों ने चेन लूट ली थी। दोनों मामलों में पुलिस अज्ञात बाइक सवारों की तलाश कर रही थी।
मुखबिर की सूचना पर घेरा, दोनों दबोचे।
घटनाओं के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि चेन लूट की वारदातों में शामिल आरोपी रमाबाई अम्बेडकर मैदान रैली स्थल रोड के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर शनि कश्यप उर्फ गोलू और अर्जुन रावत उर्फ गंगाधर उर्फ बालू तगड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उनकी निशानदेही और कब्जे से दोनों मुकदमों से संबंधित लूटी गई चेन बरामद की। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक और दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए।
हिस्ट्रीशीटर है शनि, साथी पर भी कई मुकदमे।
गिरफ्तार शनि कश्यप उर्फ गोलू थाना आशियाना का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। उसके खिलाफ चोरी, लूट के माल की बरामदगी, गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी अर्जुन रावत के खिलाफ भी चोरी, गैंगस्टर एक्ट, चेन लूट तथा अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दोनों मामलों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की कार्रवाई।
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में थाना प्रभारी गजेन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक मनीष सिंह, सुनील कुमार यादव, शिवप्रकाश सिंह, अभिषेक कुमार, प्रतीक सिंह, बरमेश्वर राय तथा कांस्टेबल बृजेश कुमार और सन्नी मान शामिल रहे।
