मंगलवार, 15 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: गौर वर्ल्ड स्ट्रीट से वाहन चोर गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक बेचकर मिले 7,400 रुपये और तमंचा-कारतूस बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: गौर वर्ल्ड स्ट्रीट से वाहन चोर गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक बेचकर मिले 7,400 रुपये और तमंचा-कारतूस बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट। थाना बिसरख पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गौर वर्ल्ड स्ट्रीट, सेक्टर-16बी से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलों की बिक्री से मिले कुल 7,400 रुपये नकद बरामद हुए हैं। वहीं, एक आरोपी के पास से .315 बोर का अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जावेद मियां पुत्र जाहिद मियां, निवासी चक स्वार, थाना स्वार, जिला रामपुर, उम्र करीब 35 वर्ष और रिजवान उर्फ बॉबी पुत्र खैराती, निवासी पंजाबी कॉलोनी, थाना स्वार, जिला रामपुर, उम्र करीब 40 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को 14 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने गौर वर्ल्ड स्ट्रीट, सेक्टर-16बी से गिरफ्तार किया।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने थाना बिसरख क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिलों को बेचकर रकम हासिल की थी। पुलिस ने दोनों के पास से कुल 7,400 रुपये बरामद किए हैं, जिन्हें चोरी की मोटरसाइकिलों की बिक्री से संबंधित बताया गया है। इसके अलावा आरोपी रिजवान उर्फ बॉबी के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा और .315 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बिसरख में मु0अ0सं0 644/2026 और 660/2026, धारा 303(2), 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज हैं। वहीं रिजवान उर्फ बॉबी के खिलाफ बिसरख थाने में आर्म्स एक्ट का मामला भी दर्ज है।

रिजवान पर कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के मुताबिक रिजवान उर्फ बॉबी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ गौतमबुद्धनगर के अलावा बुलंदशहर, मेरठ, मुरादाबाद, पीलीभीत और रामपुर जिलों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ वर्ष 2016 से लेकर 2026 तक कई मामले दर्ज बताए गए हैं।

जावेद मियां के खिलाफ भी थाना बिसरख में चोरी से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर वाहन चोरी की अन्य घटनाओं और उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उनके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।