लखनऊ :
वृंदावन योजना में गूंजा ‘गणपति बप्पा मोरया’, विधि-विधान से विराजे विघ्नविनायक।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के वृंदावन योजना का सेक्टर-5 सोमवार को आस्था, उल्लास और भक्ति के रंग में रंग गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने विघ्नविनायक भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमा को विधि-विधान से पंडाल में विराजमान कराया। गणपति की स्थापना होते ही पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
विस्तार :
महाराष्ट्र की तर्ज पर राजधानी लखनऊ में गणेशोत्सव की धूम शुरू हो गई है। 14 सितंबर से शुरू हुए गणेश महोत्सव को लेकर शहर के अलग-अलग इलाकों में भव्य पंडाल सजाए गए हैं। वृंदावन योजना, तेलीबाग के सेक्टर-5 में भी कालोनीवासियों ने मिलकर गणपति बप्पा का जोरदार स्वागत किया। आकर्षक सजावट के बीच भगवान गणेश की मनमोहक प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
गणेश प्रतिमा स्थापना के दौरान ढोल-नगाड़ों और मंगलगीतों के बीच श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह से हिस्सा लिया। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान गणेश का पूजन कर प्रतिमा को पंडाल में विराजमान कराया गया। स्थापना के बाद हुई आरती में बड़ी संख्या में कालोनीवासी शामिल हुए। ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
◆घर-घर गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे,लड्डुओं का लगा भोग।
गणेशोत्सव को लेकर वृंदावन योजना में घर-घर भी श्रद्धा का माहौल है। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश को सिंदूर का चोला चढ़ाकर चांदी का अर्क अर्पित किया और दूर्वा से विधिवत पूजन किया। घरों में लड्डू बनाकर गणपति बप्पा को भोग लगाया गया। पूजा-अर्चना और कीर्तन के साथ परिवारों ने विघ्नहर्ता से सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में गणेशोत्सव के लिए अलग-अलग थीम पर पंडाल सजाए गए हैं। वृंदावन योजना और तेलीबाग क्षेत्र में बाल गणेश, कान्हा और संगीत आधारित सजावट लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है। गणेशोत्सव ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ कालोनीवासियों को एक मंच पर लाने का भी काम किया है।
◆मंगला आरती में उमड़ा आस्था का सैलाब।।
गणेशोत्सव की मंगला आरती में भारतीय पत्रकार एवं मानवाधिकार परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बहादुर, प्रदेश सचिव एस.के. द्विवेदी, राष्ट्रीय प्रवक्ता डी.एस. शास्त्री, भाजपा युवा नेता रिन्कू पाण्डेय, रविशंकर सिंह, रमेश ओझा, शनि ओझा, रवि ओझा, डॉ. आलोक कुमार, सरनाम सिंह वर्मा समेत सैकड़ों कालोनीवासी मौजूद रहे।
आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भगवान गणेश की आराधना की। गणपति बप्पा के जयकारों के बीच पूरा पंडाल भक्तिरस में सराबोर नजर आया। आयोजन को लेकर बच्चों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। कालोनीवासियों ने गणेशोत्सव को श्रद्धा, एकता और आपसी भाईचारे का पर्व बताते हुए पूरे उत्साह से महोत्सव मनाने का संकल्प लिया।
विनायको विघ्नराजो द्वैमातुरा गणाधिपः।
अप्येकदन्त-हेरम्ब-लम्बोदर-गजाननाः ॥
अप्येकदन्त-हेरम्ब-लम्बोदर-गजाननाः ॥
