यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों को लेकर शासन सख्त, 25 सितंबर से शुरू होगा भव्य आयोजन!!
यातायात, सुरक्षा, पार्किंग और वीआईपी मूवमेंट समेत सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखेगी यूपी की औद्योगिक ताकत
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 14 सितंबर 2026। आगामी 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए शासन स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को इंडिया एक्सपो मार्ट के सभागार में अपर मुख्य सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग, उत्तर प्रदेश शासन आलोक कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में संबंधित विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभी लंबित कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक और उद्यमिता क्षमता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। इस आयोजन में बड़ी संख्या में उद्यमी, निवेशक, खरीदार, प्रतिनिधि और देश-विदेश से आगंतुक पहुंचेंगे। ऐसे में उनकी सुविधा, सुगम आवाजाही और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं।
यातायात और वीआईपी मूवमेंट पर विशेष फोकस
बैठक में यातायात व्यवस्था और वीआईपी मूवमेंट को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। प्रमुख मार्गों पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, डायवर्जन, दिशा-सूचक संकेतक लगाने तथा यातायात दबाव वाले स्थानों को चिन्हित कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। आयोजन स्थल के आसपास पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था के साथ ही आगंतुकों को इंडिया एक्सपो मार्ट तक पहुंचाने के लिए शटल सेवा और सुगम आवागमन की व्यवस्था को भी अंतिम रूप देने को कहा गया।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साफ-सफाई से लेकर पेयजल और मेडिकल सुविधा तक पुख्ता इंतजाम
आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, प्राथमिक उपचार तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और आयोजन स्थल पर स्पष्ट एवं आकर्षक साइनेज, होर्डिंग, फ्लेक्स और एलईडी डिस्प्ले लगाए जाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निवेश, निर्यात और नए बाजारों के अवसर बढ़ाने पर जोर
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि ट्रेड शो केवल प्रदर्शनी तक सीमित न रहे, बल्कि इसके माध्यम से प्रदेश में निवेश, निर्यात, व्यापारिक साझेदारियों और नए बाजारों की संभावनाओं को मजबूत किया जाए। प्रदर्शकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ खरीदारों और निवेशकों के साथ प्रभावी संवाद एवं कारोबारी संपर्क के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने ट्रेड शो के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए डिजिटल एवं सोशल मीडिया के साथ-साथ प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से प्रभावी अभियान चलाने को कहा, ताकि इसकी जानकारी अधिक से अधिक उद्यमियों, व्यापारियों, निवेशकों, खरीदारों और आमजन तक पहुंच सके।
अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश
बैठक में सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा करने पर जोर दिया गया। अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी कार्य निर्धारित समयसीमा के बाद लंबित न रहे और सभी व्यवस्थाओं को आयोजन से पहले अंतिम रूप दे दिया जाए।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अपर मुख्य सचिव को आश्वस्त किया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप जनपद में ट्रेड शो से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएंगी और आयोजन को सफल बनाने में किसी स्तर पर कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
बैठक में प्रमुख सचिव, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग शशि भूषण लाल सुशील, आयुक्त एवं निदेशक उद्योग के. विजयेंद्र पांडियन, सचिव एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग प्रांजल यादव, मंडलायुक्त मेरठ मंडल भानु चंद्र गोस्वामी, पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी, अपर आयुक्त उद्योग रोहित आनंद, मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा रवि कुमार एनजी, मुख्य कार्यपालक अधिकारी यमुना विकास प्राधिकरण राकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम, चेयरमैन इंडिया एक्सपो मार्ट राकेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।।
