लखनऊ :
अर्नब अवदाब चक्रवात का असर होगा कमजोर, यूपी में आज से थमेगा बारिश का कहर।
दो टूक : लखनऊ समेत कई जिलों में सीजन की सबसे ज्यादा बारिश, खीरी में 300 मिमी से अधिक वर्ष।
बंगाल की खाड़ी से उठे मौसमी सिस्टम के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी मूसलाधार बारिश अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश पर केंद्रित अवदाब प्रदेश के मध्यवर्ती हिस्सों से गुजरते हुए रविवार सुबह तक कमजोर होकर तराई क्षेत्र में सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में बदल सकता है। इसके साथ ही प्रदेश में बारिश में व्यापक कमी आने के आसार हैं।
विस्तार :
मौसम विभाग के मुताबिक 26 सितंबर की शाम प्रदेश में प्रवेश करने वाला अर्नव अवदाब फुर्सतगंज (अमेठी) के करीब 30 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम में केंद्रित था। इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने के दौरान रविवार सुबह तक इसके कमजोर होने की संभावना है। इसके चलते 27 सितंबर को भारी बारिश का असर मुख्य रूप से तराई और आसपास के इलाकों तक सीमित रह सकता है।
पिछले 24 घंटे में हुई व्यापक बारिश ने कई जिलों में पुराने रिकॉर्ड भी प्रभावित किए हैं। बुंदेलखंड के हमीरपुर और बांदा में सितंबर माह की एक दिन की सर्वाधिक बारिश दर्ज की गई। वहीं खीरी में 300 मिलीमीटर से अधिक असाधारण भारी बारिश दर्ज हुई। राजधानी लखनऊ में भी इस सीजन की सबसे अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।
भारी बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बरेली, शाहजहांपुर, आगरा, अलीगढ़ और मुरादाबाद में अधिकतम तापमान सितंबर माह के प्रेक्षण इतिहास के सर्वकालिक न्यूनतम स्तर तक पहुंच गया।
28 सितंबर से राहत के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 28 सितंबर से प्रदेश में बारिश का दौर काफी कमजोर पड़ सकता है। इसके बाद छिटपुट बारिश का सिलसिला अक्टूबर की शुरुआत तक जारी रहने के बाद मौसम मुख्यतः शुष्क होने की संभावना है। यानी लगातार बारिश से परेशान लोगों को अगले कुछ दिनों में राहत मिलने के आसार हैं।
