बुधवार, 16 सितंबर 2026

लखनऊ : महिला बैंक मैनेजर की गले से सोने की चेन लूटकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश।||Lucknow: Bike-borne miscreants fled after snatching a gold chain from the neck of a female bank manager.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
महिला बैंक मैनेजर की गले से सोने की चेन लूटकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश।
डेढ़ हफ्ते बाद दर्ज हुआ मुकदमा, CCTV फुटेज खंगाल रही आशियाना पुलिस।
दो टूक : लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में बाइक सवार बेखौफ लुटेरों ने स्कूटी से घर जा रही महिला बैंक मैनेजर को निशाना बनाकर सोने की चेन लूट ली और फर्राटा भरते हुए फरार हो गए। वारदात औरंगाबाद रेलवे फ्लाईओवर पर हुई। झपट्टे में चेन का एक हिस्सा लुटेरों के हाथ लगा, जबकि दूसरा हिस्सा महिला के कपड़ों में फंसकर उनके पास रह गया। घटना के करीब डेढ़ हफ्ते बाद सोमवार रात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
विस्तार : 
जानकारी के अनुसार थाना बिजनौर क्षेत्र के रॉयल सिटी फेस-2 स्थित राधे विहार मार्ग निवासी दुर्गेश त्रिपाठी पत्नी हरिओम त्रिपाठी वृंदावन योजना सेक्टर-6 स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। पीड़िता के मुताबिक बीती 3 सितंबर की रात करीब 9:35 बजे वह हजरतगंज स्थित एसबीआई प्रशासनिक कार्यालय मोती महल से काम निपटाकर स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं।
आशियाना क्षेत्र के औरंगाबाद रेलवे फ्लाईओवर पर पहुंचते ही बाईं तरफ से काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश आए और झपट्टा मारकर उनके गले में पहनी सोने की चेन खींच ली। अचानक हुए हमले से चेन टूट गई। बदमाश चेन का एक हिस्सा लेकर तेज रफ्तार में फरार हो गए, जबकि चेन का दूसरा हिस्सा महिला के कपड़ों में फंस गया।
पीड़िता ने घटना की लिखित शिकायत आशियाना थाने में दी। पुलिस ने सोमवार रात मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
प्रभारी निरीक्षक आशियाना गजेन्द्र राय के अनुसार मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर लुटेरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।