लखनऊ :
किराएदार छात्रा ने मकान मालिक पर लगाया छेड़छाड़ समेत गम्भीर आरोप, केस दर्ज।।
चार दिनों तक कृष्णानगर पुलिस छात्रा पर बनाती रही समझौते का दबाव।
दो टूक : लखनऊ के थाना कृष्णानगर क्षेत्र अंतर्गत भोला खेड़ा में किराये के मकान में रहने वाली युवती ने अधेड़ उम्र के मकान मालिक पर छेड़छाड़ का आरोप लगा उसके दो अन्य करीबी महिलाओं के विरुद्ध स्थानीय थाने में लिखित तहरीर दी । चार दिन तक टहलाने के बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर रविवार रात कृष्णानगर पुलिस मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही में जुटी है ।
विस्तार :
मूलरूप से मध्य प्रदेश सिंगरौली के हट्टा मोरवाँ गांव की रहने वाली रीना देवी पनिका पढ़ाई के सिलसिले में लखनऊ आई थी और कृष्णानगर थाना क्षेत्र के भोलाखेडा स्थित अमन द्विवेदी के मकान में किराए का कमरा लेकर रहने लगी । आरोप है कि बीते गुरुवार रसोई और बाथरूम में पानी न आने पर छात्रा ने अधेड़ उम्र के मकान मालिक से पानी न आने की शिकायत की तो मकान मालिक छात्रा को अपने संग ऊपर ले गया और छेड़छाड़ करने लगा । पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने परिचितों और पुलिस कन्ट्रोल रूम को दी । सूचना पर पहुंची पुलिस से आरोपी की दो बहने उलझने लगीं, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग उसके पास है । पीड़िता का आरोप है कि तीन दिनों तक कृष्णानगर पुलिस दोनों पक्षों में समझौते का दबाव बनाने में लगी रही । पीड़िता के द्वारा समझौते से इंकार करने पर चार दिन टहलाने के उपरांत पीडिता ने मामले की शिकायत पुलिस के उच्च अधिकारियों से की । उच्च अधिकारियों के निर्देश पर घटना के चौथे दिन रविवार देर शाम कृष्णानगर पुलिस मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही में जुटी है ।
