लखनऊ :
मामा ही निकला भांजे का हत्यारा,
CCTV फुटेज ने खोला राज।।
●गला रेतकर हत्या के बाद खाया विषाक्त पदार्थ,आईसीयू में भर्ती हत्यारोपी।।
दो टूक : लखनऊ के थाना कृष्णानगर क्षेत्र के बाराबीरवा स्थित एलडीए कॉलोनी सेक्टर-बी में सोमवार सुबह मजदूर रामबाबू की गला रेतकर हुई हत्या का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। मृतक के साथ पार्टी में शामिल होने आया उसका मामा नीरज मौर्या ही हत्यारा निकला। वारदात के बाद फरार हुए नीरज ने अपने गृह जनपद कानपुर पहुंचकर विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत गंभीर होने पर उसे बिठूर के एक अस्पताल की आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
विस्तार :
थाना कृष्णानगर इस्पेक्टर पी के सिंह के मुताबिक, पुलिस टीम ने हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए घटनास्थल और आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सामने आया कि रविवार देर रात करीब एक बजे घटनास्थल के पास मृतक रामबाबू और उसकी पत्नी के मामा नीरज मौर्या के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और देखते ही देखते दोनों में हाथापाई शुरू हो गई।
इसी दौरान नीरज मौर्या ने किसी नुकीली वस्तु से रामबाबू की गर्दन पर कई वार कर दिए और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल रामबाबू की मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी नीरज मौर्या कानपुर के बिठूर स्थित अपने घर पहुंचा, जहां उसने विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू में रखा है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की हालत गंभीर होने के चलते अभी उसका बयान दर्ज नहीं हो सका है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और वारदात में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
