बुधवार, 23 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: थार की टक्कर से वकील की मौत, पत्नी ICU में जिंदगी से जूझ रही; इंसाफ की मांग को लेकर कैंडल मार्च!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: थार की टक्कर से वकील की मौत, पत्नी ICU में जिंदगी से जूझ रही; इंसाफ की मांग को लेकर कैंडल मार्च!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट। बिसरख थाना क्षेत्र में बेकाबू थार की टक्कर से सुप्रीम कोर्ट के वकील की मौत और उनकी पत्नी के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में लोगों का आक्रोश सामने आया है। बुधवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने हाथों में कैंडल लेकर प्रदर्शन किया और आरोपी थार चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की।

बताया जा रहा है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि चिपियाना निवासी करीब 40 वर्षीय नीरज की मौके पर ही मौत हो गई। नीरज सुप्रीम कोर्ट में वकील बताए जा रहे हैं। बताया गया कि वह अपनी पत्नी को स्कूल से लेने के लिए स्कूटी से निकले थे।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में नीरज की पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है। परिजनों के मुताबिक, उनके शरीर में कई फ्रैक्चर हुए हैं और अब तक कई ऑपरेशन किए जा चुके हैं।

हादसे के बाद थार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद से ही मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद काफी समय बीतने के बावजूद आरोपी चालक की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

इसी को लेकर बुधवार को लोगों ने कैंडल मार्च निकाला। हाथों में कैंडल लेकर लोगों ने मृतक वकील को श्रद्धांजलि दी और आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हादसे में एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया है, जबकि मृतक की पत्नी गंभीर हालत में ICU में उपचाराधीन हैं। ऐसे में आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी थार चालक की तलाश में जुटी है।।