गौतमबुद्धनगर: दनकौर में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 10 दोपहिया वाहन और दो चाकू बरामद; दो आरोपी गिरफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना दनकौर पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी के 10 दोपहिया वाहन तथा दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में दो मोटरसाइकिल थाना दनकौर में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित पाई गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर 2026 को थाना दनकौर पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग के माध्यम से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए शोभित सिंह और रामजी उर्फ कपिल को सुपरटेक अपकंट्री तिराहे के पास से गिरफ्तार किया।
रैकी के बाद चोरी करते थे वाहन
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शातिर तरीके से दोपहिया वाहनों की रैकी करते थे और मौका मिलते ही एनसीआर तथा आसपास के जनपदों से वाहन चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए वाहनों को पुलिस से बचाने के लिए जंगल की झाड़ियों में छिपाकर रखा जाता था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ऐसे ही छिपाकर रखे गए चोरी के वाहनों को बरामद किया।
बरामद 10 दोपहिया वाहनों में से दो मोटरसाइकिल थाना दनकौर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 225/2026 और 226/2026 से संबंधित हैं। पुलिस अब बरामद अन्य वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शोभित सिंह पुत्र बुद्धपाल, निवासी नया गांव, थाना मदनापुर, जिला शाहजहांपुर, वर्तमान निवासी कस्बा कासना, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 27 वर्ष तथा रामजी उर्फ कपिल पुत्र रामसनेही, निवासी राजौआ खुर्द, थाना रौजा, जिला शाहजहांपुर, वर्तमान निवासी कस्बा कासना, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई है।
तीन मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ थाना दनकौर में संबंधित धाराओं में तीन अभियोग दर्ज किए गए हैं। इनमें मुकदमा अपराध संख्या 225/2026 और 226/2026 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस तथा मुकदमा अपराध संख्या 228/2026 धारा 317(5) बीएनएस और 4/25 आयुध अधिनियम के तहत दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)