शुक्रवार, 4 सितंबर 2026

गोण्डा :बाढ़ के बीच गांव पहुंचा प्रशासन, गढ़ी में ग्रामीणों का जाना हाल।Gonda:The administration arrived in the village amid the floods and inquired about the condition of the villagers in Garhi.||

शेयर करें:
गोण्डा :
बाढ़ के बीच गांव पहुंचा प्रशासन, गढ़ी में ग्रामीणों का जाना हाल।
।।संवाददाता—वीरेन्द्र कुमार।।
दो टूक : गोण्डा जनपद में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व-आपदा टीम ने लिया जमीनी जायजा, लंच पैकेज व राहत सामग्री बांटकर प्रभावित परिवारों को मदद पहुंचायी।
विस्तार :
बाढ़ के संकट के बीच प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसील तरबगंज के बाढ़ प्रभावित ग्राम गढ़ी में राजस्व आपदा टीम और जिला आपदा विशेषज्ञ ने पहुंचकर जमीनी हालात का जायजा लिया। टीम ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं।
निरीक्षण के दौरान टीम ने ग्रामीणों से आवागमन, पेयजल, खाद्य सामग्री, पशुओं की स्थिति समेत जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बाढ़ से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन या आपदा राहत टीम को दी जाए, ताकि जरूरतमंदों तक समय से सहायता पहुंचाई जा सके।
बाढ़ से प्रभावित परिवारों के बीच प्रशासन की ओर से लंच पैकेज और आवश्यक राहत सामग्री का वितरण भी किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राहत सामग्री वास्तविक रूप से प्रभावित और जरूरतमंद परिवारों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाई जाए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के अन्य बाढ़ प्रभावित इलाकों में भी राजस्व एवं आपदा टीमें लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। टीमों को प्रभावित गांवों में नियमित पहुंचकर समस्याओं का आकलन करने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की है।